
सड़क सुरक्षा के लिए जिलेभर में बनाए चेकिंग पॉइंट (Photo Patrika)
CG News: बलौदाबाजार जिले में अवैध रूप से शराब और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर नकेल कसने के लिए पुलिस विभाग ने मंगलवार शाम को विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। इस दौरान पूरे जिले में 22 प्रमुख स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए। इस अभियान का नेतृत्व एसपी भावना गुप्ता के निर्देश में किया गया। नाकाबंदी में अवैध शराब, मादक पदार्थ, गैरकानूनी वस्तुएं और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की विशेष रूप से जांच की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने 10 वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। इन सभी के वाहन जब्त किए गए हैं। उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। नाकाबंदी में कुल 223 लोगों को मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत पकड़कर कार्रवाई की गई। इनमें हैलमेट न पहनने, बिना दस्तावेज वाहन चलाने, तेज गति से चलाने जैसे मामले शामिल हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का यह विशेष अभियान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया था। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसे सघन चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।
Updated on:
07 Aug 2025 11:08 am
Published on:
07 Aug 2025 11:08 am
