बलौदाबाजार. अपने में विविध रंगों को समेटता हुआ तथा अनेकता में एकता को प्रदर्शित करता हुआ हिंदू नव वर्ष चैत्र माह का प्रथम दिन नगर में विभिन्न समाजों के द्वारा धूमधाम के साथ मनाया गया। नगर में बुधवार को एक ओर जहां हिन्दू नव वर्ष, चैत्र नवरात्रि धूमधाम से मनाया गया।
वहीं सिंधी समाज द्वारा चेट्री चंड और महाराष्ट्रियन परिवारों द्वारा गुड़ी पाडवा की धूमधाम के साथ पूजा की गई। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन देवी मंदिरों में भक्तों की जमकर भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने मंदिर में कतार में लगकर माता के दर्शन किए वहीं घरों में भी देवी की स्थापना की गई। नवरात्र के साथ ही साथ हिंदु नववर्ष के अवसर पर लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी।
नवरात्रि के साथ ही साथ हिंदु नववर्ष का असर आज समूचे नगर में रहा। लोगों ने आज एक दूसरे को सामने मिलकर तथा मोबाइल के जरिए हिंदु नववर्ष की बधाई का मैसेज दिया। नववर्ष के अवसर पर नगर के बहुतेरे लोगों ने आज अपने घरों के सामने दिए जलाकर भी नववर्ष का स्वागत किया। नववर्ष के साथ ही साथ चैत्र नवरात्र की भी नगर में धूम मची रही। लोगों ने आज नगर के देवी मंदिरों में जाकर माता के दर्शन किए तथा आशीर्वाद लिया। देवी मंदिरों में शुभ मुहुर्त में आज ज्योत कलश भी प्रज्ज्वलित की गई।
नगर के मावली माता मंदिर के साथ ही साथ महामाया मंदिर, शीतला देवी मंदिर, षष्टी देवी मंदिर, रिसदा रोड स्थित काली देवी मंदिर, गायत्री देवी मंदिर, लोहिया नगर स्थित दुर्गा मंदिर, दुर्गा चौक स्थित माता दुर्गा मंदिर समेत आसपास के देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही और भक्तों ने ज्योति कलश तथा माता के दर्शन किए। अनेकों भक्तजन नगर के साथ ही साथ आसपास के अन्य सिद्ध देवी मंदिरों जैसे लवन महामाया मंदिर, रवान दुर्गा मंदिर, अर्जुनी काली देवी मंदिर, सिंगारपुर स्थित देवी मंदिरों में भी दर्शनों के लिए सपरिवार पहुंचे।
गुड़ी पाडवा की धूम
शनिवार को चैत्र नवरात्रि, चेड्रीचंड, हिंदू नव वर्ष के साथ ही साथ महाराष्ट्रियन परिवारों का नववर्ष गुड़ी पाडवा होने की वजह से महाराष्ट्रियन परिवारों में धूम धाम से गुड़ी पाड़वा की पूजा की गई। इस अवसर पर महाराष्ट्रियन समाज की महिलाओं द्वारा अपने.अपने घरों के सामने गुड़ी लगाकर बताशे की माला, आम पत्ती, नीम पत्ती के साथ माता तुलजा भवानी की पूजा की गई तथा एक दूसरे को प्रसाद देकर गुड़ी पाड़वा की बधाई दी गई।