
ढाबे में अवैध शराब का विवाद (photo source- Patrika)
CG News: कसडोल ब्लॉक के ग्राम कटगी में अवैध शराब बिक्री को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसपी से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि एक स्थानीय ढाबे में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, जिससे ढाबा संचालक के हौसले और बढ़ गए।
स्थिति तब बिगड़ गई जब ढाबा संचालक, ग्राम कांग्रेस अध्यक्ष भागवत थवाईत और उनके पुत्र संतोष थवाईत पर ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही बलौदाबाजार से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी इस ढाबे में अवैध शराब बिक्री की शिकायत कसडोल थाना पुलिस से की गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थिति बिगड़ती चली गई। आरोप यह भी है कि बाहरी लोगों को बुलाकर ग्रामीणों को डराने-धमकाने की कोशिश की गई, जिससे विवाद और बढ़ गया।
ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अवैध शराब और नशे के कारोबार को लेकर लगातार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, जिससे ऐसे मामलों को बढ़ावा मिलता है। वहीं, जिले में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी देरी से कार्रवाई को लेकर पहले भी असंतोष सामने आता रहा है।
CG News: हाल ही में कुछ वाहन और बैटरी चोरी के मामलों में भी पुलिस की देरी पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई थी। कई मामलों में ग्रामीणों ने खुद ही एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, जबकि बाकी सामान का अब तक पता नहीं चल पाया है।
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र के खिलाफ धारा 294, 323, 506 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
Updated on:
09 Apr 2026 02:36 pm
Published on:
09 Apr 2026 02:35 pm
बड़ी खबरें
View Allबलोदा बाज़ार
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
