
Truck standing in coal mines
राजपुर. महान दो माइंस में कोयला लोड करने के लिए पहुंचे रोड सेल के ट्रक ड्राइवर की वाहन में ही खून से सनी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। दरअसल मृतक क्लीनर के साथ 20 मार्च की रात वाहन लेकर माइंस में कोयला लोड करने आया था, लेकिन अगले दिन शाम तक जब लोडिंग के लिए उसने वाहन नहीं लगाया तो लिफ्टर को शक हुआ।
खान के कर्मचारी जब ट्रक के नजदीक पहुंचे तो ड्राइवर सीट से खून रिसता देख इसकी सूचना वाहन मालिक व पुलिस को दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो चालक की लाश पड़ी थी और सिर से खून बह रहा था। रॉड से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने जब जांच की तो क्लीनर फरार मिला, पुलिस को शक है कि उसी ने हत्या की है।
जय अंबे कंस्ट्रक्शन कंपनी रायगढ़ के डीओ होल्डर की रोड सेल में लगे ट्रक क्रमांक सीजी 06 जेबी-9997 का चालक महासमुंद निवासी 47 वर्षीय भूखन राम पिता मिलन राम 20 मार्च की रात लगभग 10.30 बजे क्लीनर के साथ कोयला लोड करने महान दो माइंस के अंदर प्रवेश किया था। लेकिन रात से लेकर अगले दिन शाम 6.30 बजे तक जब उसने लोडिंग के लिए गाड़ी नहीं लगाई तो लिफ्टर को संदेह हुआ।
उसने वाहन मालिक को इसकी सूचना दी तथा खुद व अन्य कर्मचारियों के साथ ट्रक के नजदीक गया तो ड्राइवर सीट से खून रिस रहा था। इस पर उसने खडग़वां चौकी को मामले की जानकारी दी। खडग़वां पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में झांक कर देखा तो चालक का शव पड़ा था। मामला राजपुर थाने का होने की वजह से यहां की पुलिस ने जांच शुरू की।
गुरूवार को बलरामपुर एएसपी एनपी धृतलहरे, राजपुर थाना प्रभारी किशोर केंवट दल-बल के साथ माइंस में पहुंचे। यहां पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। उसके सिर पर रॉड से वार किया गया था। जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक के साथ आया क्लीनर जिसका नाम रंजीत है, वह फरार है। पुलिस को संदेह है कि उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
बताया जा रहा है कि वाहन मालिक ने मृतक को ३० हजार रुपए भी दिए थे, ये रुपए गायब हैं या नहीं, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस क्लीनर की तलाश में जुट गई है। मृतक को कोयला लोड कर रायगढ़ ले जाना था।
माइंस में सुरक्षा के उपाय नहीं
महान दो माइंस आपराधिक घटनाओं का अड्डा बन गया है। यहां पूर्व में भी हुई वारदातों में अब तक ३ लोगों की जान जा चुकी है, एक भी मामले की गुत्थी नहीं सुलझी है। कोयला चोरी, मारपीट जैसी घटना इस माइंस के लिए अब आम बात हो गई है, इसके बावजूद पुलिस द्वारा सुरक्षा के कोई उपाए नहीं किए जा रहे हैं।
Published on:
22 Mar 2018 08:04 pm
बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
