
Rape accused arrested
राजपुर. विधवा महिला को 19 मार्च की रात जबरन अपने घर ले जाकर 3 बार अनाचार करने तथा चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से खून से सना चाकू भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि युवक द्वारा परेशान करने की शिकायत महिला ने थाने में की थी।
वारदात की रात युवक उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा था। जब महिला ने इनकार कर दिया तो युवक ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जीवन-मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
गौरतलब है कि राजपुर थानांतर्गत ग्राम चरगढ़ निवासी युवक ने 19 मार्च की रात विधवा महिला से अपने घर में 3 बार अनाचार किया था। युवक द्वारा बार-बार परेशान करने की शिकायत महिला ने थाने में दर्ज कराई थी। अनाचार करने के बाद जब उसने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया तो उसने इनकार कर दिया। इससे गुस्साए युवक ने उसके शरीर पर करीब 10 जगह चाकू से वार कर दिया था।
जब महिला चिल्लाकर घर से बाहर निकली तो युवक बड़कापारा भाग गया था। बलरामपुर एसपी टीआर कोशिमा के मार्गदर्शन में एएसपी एनएल धृतलहरे ने आरोपी को पकडऩे टीम गठित की। इसी दौरान मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे बतौली के ग्राम सिलमा से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 365, 376,127(ठ), 394, 307, व एट्रोसिटी एक्ट की धारा 3 (2)(5) के तहत जुर्म दर्ज कर जेल भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी किशोर केवट, एसआई केपी सिंह, विवेकमणी तिवारी, शिवशरण पैकरा, अरविंद कुमार, पंकज पोर्ते, प्रकाश बहादुर थापा, प्रमोद यादव, जमुना राजवाड़े, धनेश्वर राजवाड़े, रामनरेश यादव, सुधीर सिंह व पुन्नी यादव शामिल रहे।
ये था मामला
सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम जमड़ी निवासी 28 वर्षीय महिला के पति की मौत 5 वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में हो गई थी। उसका 5 वर्ष का पुत्र भी है। महिला का पुत्र अपनी नानी के घर में ही रहता है। जबकि महिला अंबिकापुर के ब्रम्हरोड में किराए के मकान में रहकर देवीगंज रोड स्थित कपड़ा दुकान में काम करती है।
19 मार्च की रात वह कपड़ा दुकान से छुट्टी के बाद संगम चौक के पास पहुंची थी। इसी दौरान पूर्व परिचित युवक राजपुर थानांतर्गत ग्राम चरगढ़ निवासी सुरेंद्र गुप्ता पिता रामनरेश गुप्ता 30 वर्ष वहां उससे मिला। दोनों के बीच कुछ बात हुई फिर युवक उसे प्रतीक्षा बस स्टैंड ले गया। यहां से बस में बैठाकर वह महिला को अपने घर ले गया। रात 11 बजे से उसने महिला के साथ 3 बार दुष्कर्म किया।
इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान युवक ने चाकू निकाल लिया और महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के हमले से गंभीर रूप से घायल महिला भागती हुई दरवाजा खोलकर बाहर निकली और बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगी। इस दौरान एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला लेकिन उसने डर से फिर दरवाजा बंद कर लिया।
इसके बाद महिला भागती हुई किसी दूसरे के घर की परछी में पहुंची और लहूलुहान हालत में वहीं गिर गई। युवक ने महिला के कपड़े भी फाड़ दिए थे। रातभर वह अद्र्धनग्न हालत में बोरा ओढ़कर परछी में ही पड़ी रही। सुबह जब गांव के लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने १०८ की सहायता से उसे राजपुर अस्पताल में भर्ती कराया था।
Published on:
22 Mar 2018 06:40 pm
बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
