12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छोटी बहन के दशकर्म में शामिल होने जा रही महिला को बहा ले गई नदी में अचानक आई बाढ़

० लगातार हो रही बारिश से महान नदी का जलस्तर बढ़ा, नदी के किनारे खड़ी होकर पानी कर होने का कर रही थी इंतजार

2 min read
Google source verification
Police and villagers

Women blown in Mahan river

राजपुर. रात से लगातार बारिश की वजह से महान नदी उफान पर है। गुरुवार की दोपहर ग्राम परसवारकला की ६० वर्षीय वृद्धा अपनी छोटी बहन के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकली थी। इसी बीच वह गांव के पास से गुजरी महान नदी के उफान को देखकर रुक गई। उसे नदी के उस पार जाना था। वह नदी के तट पर खड़ी होकर पानी कम होने का इंतजार कर रही थी।

इसी दौरान अचानक जल स्तर और बढ़ गया तथा पैर फिसलने की वजह से वह नदी में बह गई। वहां मौजूद अन्य लोगों ने घर जाकर परिजन को जानकारी दी। घटना की सूचना पर राजपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बारिश व नदी के उफान पर रहने की वजह से गोताखोरों का भी उतरना संभव नहीं था, इसलिए खोजबीन शुरू नहीं की गई।


बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थानांतर्गत ग्राम परसवारकला के बड़कापारा निवासी ६० वर्षीय जुठनी पति उर्फ कोठिन पति मंगना की छोटी बहन ग्राम कोतरीपारा निवासी हीरा की मौत 10 दिन पहले हो गई थी। गुरुवार को उसका दशगात्र का कार्यक्रम था। दशगात्र में शामिल होने वह दोपहर 12 बजे घर से निकली थी।

वह गांव से होकर गुजरी महान नदी में आई बाढ़ को देखकर अन्य ग्रामीणों के साथ रुक गई। बारिश की वजह से नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ था। वृद्धा नदी किनारे खड़ी थी, इसी बीच तेज प्रवाह ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। पैर फिसलने से वह अन्य ग्रामीणों के आंखों के सामने ही नदी में बह गई।

उसे बहते हुए गांव के ही श्यामलाल व मधु राम ने देखा। उन्होंने इसकी सूचना उसके परिजन को दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे। इसी दौरान घटना की सूचना मिलने पर राजपुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

लगातार बारिश व नदी के उफान पर होने की वजह से वृद्धा की खोजबीन शुरू नहीं की जा सकी। इधर सूचना मिलते ही एसडीएम बालेश्वर भगत व पटवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव वालों का मौके पर ही बयान दर्ज किया।


खराब पड़ा है सरकारी नाव
ग्राम धंधापुर में महान नदी पर बना पुल दो वर्ष पूर्व टूट गया था। ग्राम परसवारकला में ही नदी पार करते समय दो युवकों की मौत हो गई थी। उस समय लोगों के आक्रोश को देखते हुए तात्कालीन कलक्टर अवनीश कुमार शरण द्वारा बनारस से एक नाव मंगाकर यहां उपलब्ध कराया गया था। आज वह देखरेख के अभाव में खराब पड़ा है।

नए पुल निर्माण हेतु भी कोई पहल नहीं की जा रही है। इसकी वजह से ग्राम परसवारकला, धंधापुर, लोधीडांड, रेवतपुर, शिवपुर, कुंदी, बदौली, दुप्पी चौरा, मरकाडांड़, मसगा, करसी व मकनपुर के ग्रामीणों, स्कूली विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुल का निर्माण नहीं होने से हर वर्ष लोगों की जान जा रही है।


नाव उपलब्ध कराने की मांग
नदी में वृद्धा के बहने की सूचना मिलने पर राजपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पूछा तो गांव वालों ने नाव की मांग की ताकि वे नदी से आना-जाना कर सकें। ग्रामीणों के कहने पर थाना प्रभारी ने कलक्टर के नाम मौके पर मौजूद एसडीएम को नाव उपलब्ध कराए जाने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।