
Injured villager
कुसमी. बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थानांतर्गत निवासी दो भाई सोमवार को जंगल में खुखड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान 2 शावकों के साथ पहुंची मादा भालू ने छोटे भाई पर हमला कर गंभीर रूप से घायल दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर बड़ा भाई पहुंचा तो भालू ने उसपर भी हमला कर दिया।
इस दौरान बड़े भाई ने टांगी से मारकर उसे भगाया। इस दौरान भालू ने उसे भी जख्मी कर दिया था। दोनों भाइयों को कुसमी अस्पताल में शाम को भर्ती कराया गया। यहां उनका इलाज जारी है।
कुसमी थानांतर्गत कमलापुर पंचायत के ग्राम दमचुवापाठ पारा निवासी सुुंदरु नगेशिया 50 वर्ष व उसका बड़ा भाई मंगल साय सोमवार की सुबह करीब 9 बजे गांव से लगे चंदादाड़ी जंगल में खुखड़ी बीनने गए थे। दोनों थोड़ी-थोड़ी दूरी पर होकर अपने काम में लग गए। इसी दौरान 2 शावकों के साथ पहुंची मादा भालू ने सुंदरू के ऊपर हमला कर दिया।
उसने अपने पैने नाखूनों ने उसकी जांघ, गले को लहूलुहान कर दिया। यही नहीं भालू के हमले में उसके 4 दांत भी टूट गए। भालू से अपनी जान बचाने वह चिल्लाने लगा तो बड़ा भाई मंगल दौड़कर आने लगा। यह देख भालू ने सुंदरू को छोड़कर मंगल पर हमला कर दिया। इस दौरान मंगल ने अपने पास रखी टांगी से उस पर प्रहार किया।
इसके बावजूद भालू उसपर हमला करता रहा। इससे उसके हाथ से टांगी छूटकर गिर गई। टांगी गिरने के बाद भी उसने हिम्मत नहीं हारी और अंतत: भालू को वहां से भागना पड़ा। इधर भालू के हमले में मंगल साय के भी दोनों हाथ जख्मी हो गए हैं।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
दोनों भाइयों की आवाज सुनकर गांव के अन्य लोग जंगल में पहुंचे और उन्होंने कांवर बनाकर सुंदरू को मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद दोनों भाइयों को कुसमी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां दोनों का इलाज जारी है। सुंदरू की हालत गंभीर बताई जा रही है। गौरतलब है कि सरगुजा संभाग के सभी जिलों में भालुओं का आतंक है। भालुओं के हमले में आए दिन ग्रामीणों के घायल होने की खबरें आती रहती हैं।
Published on:
25 Sep 2018, 9:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.