
फाइल फोटो पत्रिका
IMD Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के बलरामपुर सहित कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बारिश के बाद बढ़ी नमी से लोगों को उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है।
IMD Rain Alert: उत्तर प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। लेकिन पूर्वी हिस्सों में इसका प्रभाव अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई पूर्वी जिलों में अगले कुछ समय तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्वांचल के बलरामपुर सहित कई जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
जिन जिलों में मौसम का सबसे अधिक असर रहने की संभावना है। उनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर शामिल हैं। आसपास के क्षेत्रों में भी तेज हवाएं और बारिश देखने को मिल सकती है।
दूसरी ओर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे गर्मी का असर फिर बढ़ने की संभावना है।
हालांकि हाल के दिनों में हुई बारिश से कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन अब वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। रविवार को प्रदेश के कई शहरों में सुबह से ही तेज धूप और भारी उमस महसूस की गई। बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी सामान्य दिनों की तुलना में कम दिखाई दी।
Published on:
15 Jun 2026 08:26 am
बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
