
Symbolic Image.
बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने दफन की गई एक नाबालिग लड़की के शव को कब्र से बाहर निकलवाया है। यह कार्रवाई पीड़िता की मां द्वारा अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या का गंभीर आरोप लगाने के बाद की गई है। मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शव को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की मर्चरी भेजा गया है।
मामला गिरवां थाना क्षेत्र का है। बीती 2-3 अप्रैल की रात को 15 वर्षीय नाबालिग का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। आरोप है कि उस समय लोक-लाज और ग्रामीणों के दबाव में आकर परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए रात के अंधेरे में ही शव को दफन कर दिया था।
करीब एक सप्ताह तक मामला शांत रहने के बाद, 10 अप्रैल को पीड़िता की मां एसपी पलाश बंसल के पास पहुंची। महिला ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि गांव का ही एक सजातीय युवक उसकी बेटी को लंबे समय से परेशान और धमका रहा था।युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर बेटी के साथ दुष्कर्म (Rape) किया और फिर उसकी हत्या (Murder) कर दी। महिला ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और सच्चाई सामने लाने के लिए शव के पोस्टमार्टम की मांग की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में ग्रामीणों ने एक अलग कहानी बयां की है। ग्रामीणों के अनुसार, लड़की का गांव के ही एक किशोर के साथ प्रेम प्रसंग था। घटना वाली रात मां ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद दोनों की पिटाई की गई थी। ग्रामीणों का दावा है कि युवक वहां से भाग निकला और बदनामी के डर से लड़की ने आत्महत्या कर ली।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि जिलाधिकारी (DM) की अनुमति के बाद शव को कब्र से निकाला गया है। मौत का सही कारण पता लगाने के लिए डॉक्टरों के एक विशेष पैनल द्वारा किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग की जाएगी ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो। पुलिस अब इस केस को 'हत्या', 'आत्महत्या' और 'ऑनर किलिंग' (Honor Killing) इन तीनों पहलुओं से जोड़कर देख रही है।
Updated on:
11 Apr 2026 09:45 pm
Published on:
11 Apr 2026 09:45 pm
