
सांकेतिक फोटो
बांदा जिले के नरैनी क्षेत्र में रविवार एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रहे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट बाइक पूरी तरह चकनाचूर हो गई और स्कॉर्पियो सड़क किनारे खंती में पलट गई।
जानकारी के मुताबिक, बरुआ कालिंजर निवासी 24 वर्षीय अजय राजपूत अपनी 20 वर्षीय मौसेरी बहन प्रभा राजपूत और उसके पति राकेश (23) के साथ अतर्रा क्षेत्र के लोधन पुरवा से शादी समारोह में शामिल होकर बुलेट से वापस घर लौट रहे थे। रविवार सुबह करीब पांच बजे जैसे ही उनकी बाइक नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी पहुंचाया। वहां डॉक्टर नागेंद्र शुक्ला ने अजय को मृत घोषित कर दिया। प्रभा और राकेश की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज बांदा रेफर किया गया। इलाज के दौरान प्रभा ने भी दम तोड़ दिया, जबकि राकेश का इलाज जारी है। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिजनों के अनुसार, अजय अपने पिता का इकलौता बेटा था और एसएससी की तैयारी कर रहा था। वहीं प्रभा की शादी फरवरी 2026 में ही हुई थी, लेकिन शादी के महज तीन महीने बाद ही उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक राजेश कुमार और कल्बे अब्बास मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संदीप तिवारी के अनुसार, हादसे की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Updated on:
26 Apr 2026 11:50 pm
Published on:
26 Apr 2026 07:50 pm
बड़ी खबरें
View Allबांदा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
