बेंगलूरु. रामनगर तथा जमखंडी विधानसभा सीटों में उपचुनाव के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष के तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दोनों ही सीटें सत्तारुढ़ गठबंधन के घटकों ने पिछले चुनाव में जीती थी। दो सीटों पर जीते एचडी कुमारस्वामी के बाद में रामनगर से इस्तीफा देने और बागलकोट जिले के जमखंडी से कांग्रेस के विधायक सिद्धू न्यामेगौड़ा के निधन के बाद दोनों क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं। गठबंधन सरकार के घटक दलों कांग्रेस व जनता दल-एस के बीच सीटों के तालमेल पर सहमति लगभग बन गई है। जमखंडी से कांग्रेस व रामनगर से जद-एस उम्मीदवार उतारेगा। दोनों जगह एक-दूसरे का समर्थन होगा।