10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उम्मीदवारों से नमो एप पर चर्चा में बोले मोदी, विकास के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव

राज्य के दौरे पर आने से पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के 224 उम्मीदवारों को जीत का मंत्र बताया।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बैंगलोर

•

image

Shankar Sharma

•

Updated: 27 Apr 2018, 6:19 AM IST

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

बेंगलूरु. विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए राज्य के दौरे पर आने से पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के 224 उम्मीदवारों को जीत का मंत्र बताया। मोदी ने नमो एप के जरिए उम्मीदवारों से संवाद में कहा कि भाजपा जनता को गुमराह कर चुनाव नहीं जीतना चाहती है। मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ चुनावों मेें हार मिलने के बाद कांग्रेस लगातार झूठे वादे कर रही है लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं को आत्मविश्वास नहीं खोना चाहिए। हम अपनी विचारधारा और प्रतिबद्धताओं के साथ लड़ रहे हैं।

मोदी ने कहा कि हमारा एजेंडा सिर्फ राज्य का विकास है। हम तीन सूत्री विकास पर काम कर रहे हैं-विकास, तेज विकास और सर्वांगीण विकास। मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य विकास और सिर्फ विकास है और हम इसी मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। करीब ४० मिनट के संवाद के दौरान मोदी ने कहा कि हमारी पार्टी का महत्व विकास की राजनीति के लिए है जबकि दूसरे दल इस पर चर्चा करने से संकोच करते हैं।

उन्होंने उम्मीदवारों, पार्टी के जन प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से जनता से चुनाव तक सीधे संवाद करने की अपील करते हुए कहा कि जनता को बताएं कि जब केंद्र में कांग्रेस सरकार थी तब चार साल में कर्नाटक को कितनी मदद मिली थी और आज भाजपा की सरकार में राज्य को कितनी मदद मिल रही है।


राजनीति कांग्रेस संस्कृति से मुक्त हो
मोदी ने कहा कि देश की राजनीति को कांग्रेस की संस्कृति से मुक्त करने की जरुरत है। देश की राजनीति में आज भी कांग्रेस की गलतियों के अवशेष हैं और जब तक इससे मुक्त होगा तब तक राजनीति का शुद्धिकरण नहीं होगा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से बांटने की राजनीति करती रही है और अब झूठ का सहारा ले रही है।

पहले अगर कांगे्रस ५० बातें कहती थी तो उसमें ५-१० झूठ होता था लेकिन अब ४०-४५ झूठ होता है और जो बाकी ५ होते हैं वह भी साफ नहीं होता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वजह से ही राजनीति की गलत छवि बनी है। इस छवि और दुष्प्रचार की आंधी को सत्य के आधार पर जीतना है। मोदी ने कांग्रेस पर जाति आधारित राजनीति करने का भी आरोप लगाया।


लिंगायत मसले का जिक्र किए बिना मोदी ने कहा कि कांग्रेस चुनाव के समय लोगों को जाति के नाम पर बांटने की कोशिश करती है। कांग्रेस ऐसे समूहों को कुछ वादों का लॉलीपॉप दे देती है ताकि वे भावनाओं में बहकर उनके पक्ष में मतदान करें। चुनाव के बाद वे भूल जाते हैं और जब अगला चुनाव आती है तो दूसरी जातीय समूहों को कुछ और लॉलीपॉप दे देती है। ऐसा कर बिना किसी जवाबदेही के कांग्रेस अपनी राजनीति चला रही है। मोदी अपने संवाद की शुरुआत कन्नड़ में संबोधन के साथ की और इच्छा होने के बावजूद कन्नड़ नहीं सीख पाने पर अफसोस भी जताया।

पूर्ण बहुमत की उम्मीद
संवाद के दौरान मोदी ने राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की किसी भी संभावना को खारिज करते हुए विश्वास जताया कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में सरकार बनाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक सुनियोजित रणनीति के तहत कांग्रेस के शुभचिंतक त्रिशंकु विधानसभा को लेकर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि उन मतदाताओं को भ्रमित किया जा सके जो बदलाव चाहते हैं।

मोदी ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए एक पूर्ण बहुमत की सरकार जरूरी है. उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने राज्य में बदलाव का निर्णय लिया है, लेकिन कांग्रेस के शुभचिंतकों द्वारा एक झूठ फैलाया जा रहा है। वे कांग्रेस के जरिए अपनी इच्छा पूरी करना चाहते हैं।

इसलिए कह रहे हैं कि इस बार राज्य में त्रिशंकु विधानसभा होगी। उन्होंने कहा कि इस तरह का झूठ 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान भी फैलाया गया था लेकिन लोगों को भरमाने की उनकी कोशिश नाकाम रही और भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला। उन्होंने कहा कि केंद्र में 30 सालों के बाद हमें पूर्ण बहुमत की सरकार मिली और हमें फैसले लेने में नीतिगत अक्षमता से मुक्ति मिली और वैश्विक स्तर पर देश को सम्मान बढ़ा। उन्होंने कहा कि वे लोग साजिशें रच रहे हैं, क्योंकि कर्नाटक के लोग दिल्ली के साथ हाथ मिलाकर विकास चाहते हैं।

जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव जीतेगा
मोदी ने जीत का मंत्र बताते हुए कहा कि जनता से सीधा संवाद करें। मोदी ने चुनाव में जीत का मंत्र बताते हुए कहा कि जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव जीतेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का काम कार्यकर्ताओं का है। मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि 12 मई तक और कोई काम नहीं होना चाहिए। मतदाताओं के बीच अधिक से अधिक समय गुजारें, उनसे जुड़ें। हमें मतों को सक्रिय बनाना है और उन्हें परिवर्तित करना है। हमें मतदाताओं को बूथ तक ले जाना है। जो बूथ जीतेगा, वही चुनाव जीतेगा। उन्होंने कहा कि सभी को टिकट नहीं मिल सकता लेकिन हमें पूरी ताकत लगाकर काम करना है। मोदी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एक-एक मतदात के पास पहुंचना चाहिए। मोदी ने कहा कि वह खुद चीन के दौरे के बाद कर्नाटक दौरे पर आएंगे।

जीतें मतदाताओ का दिल
उडुपी जिले के कारकला से विधायक और उम्मीदवार वी.सुनील कुमार ने मोदी से पूछा कि पार्टी के सदस्यों को किस तरह से प्रचार करना चाहिए। इसके जवाब में मोदी ने कहा कि जितने पुरुष कार्यकर्ता हैं, उतने ही महिला कार्यकर्ताओं को मतदाताओं से मिलने के लिए भेजिए।

इसके अलावा हर कार्यकर्ता को कुछ परिवारों का जिम्मा दे दीजिए। उनके पास जाकर उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए और मतदान होने तक उनके साथ बने रहना चाहिए। हम इसके बिना चुनाव नहीं जीत सकते। हमें बूथ स्तर तक का चुनाव जीतना है और इसके लिए लोगों से व्यक्तिगत रूप से बात कीजिए।

भाषण और प्रचार से माहौल बनता है, लेकिन व्यक्तिगत रूप से बात करने से दिल जीतता है( मोदी ने कहा कि पार्टी सदस्य के रूप में हमारा काम यह सुनिश्चित करना है कि हम राज्य के प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाएं।उन्होंने कहा कि हम विकास के मुद्दे पर, संगठन की ताकत के आधार पर और जनता के विश्वास को जीतकर चुनाव में विजय चाहते हैं। हम जनता को गुमराह करके चुनाव नहीं जीतना चाहते।