2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उद्घाटन के इंतजार में है मोबाइल वायु गुणवत्ता निगरानी वैन

वैन से अलग-अलग क्षेत्रों में वायु प्रदूषण का आकलन संभव

2 min read
Google source verification
air pollution

उद्घाटन के इंतजार में है मोबाइल वायु गुणवत्ता निगरानी वैन

बेंगलूरु. राज्य में नई सरकार के गठन से कर्नाटक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (केएसपीसीबी) को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि केएसपीसीबी की बहुप्रतीक्षित मोबाइल वायु गुणवत्ता निगरानी वैन को शुरू करने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में वायु प्रदूषण की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए कर्नाटक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (केएसपीसीबी) ने मोबाइल वायु गुणवत्ता निगरानी वैन की शुरुआत करने की योजना बनाई है। विशेष उपकरणों से युक्त इस वैन की खासियत होगी कि यह वायु गुणवत्ता की निगरानी करेगा जिससे केएसपीसीबी को वायु प्रदूषण नियंत्रण करने के लिए प्रभावी योजना बनााने में मदद मिलेगी।

पिछले एक महीने से इन वाहनों को चर्च स्ट्रीट स्थित केएसपीसीबी कार्यालय परिसर में रखा गया है, जिसके दो कारण बताए जा रहे हैं। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई थी, जिस कारण इस योजना को सरकार के प्रतिनिधि शुरू नहीं कर सकते थे। इसी प्रकार वाहनों के अंदर और बाहर पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और उस समय के पर्यावरण एवं वन मंत्री रामनाथ रई की तस्वीरें लगी हैं। इन्हीं कारणों से केएसपीसीबी भी पिछले करीब एक महीने से नई सरकार बनने के इंतजार में था।

बोर्ड की योजना है कि इसमें एक वाहन का उपयोग उत्तर कर्नाटक में किया जाएगा, जबकि एक वाहन का उपयोग दक्षिण कर्नाटक, विशेषकर बेंगलूरु के लिए होगा। वाहनों को अलग अलग क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर ले जाया जाएगा और वहां की वायु गुणवत्ता की स्थिति का आकलन किया जाएगा। यहां तक कि अगर किसी निजी शिकायकर्ता ने किसी खास क्षेत्र के लिए लिए वायु प्रदूषण की शिकायत की तो वहां की वायु गुणवत्ता का आकलन भी इस वाहन से किया जाएगा।

पिछले वर्ष केएसपीसीबी ने राज्य के भिन्न क्षेत्रों में 29 वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशनों की स्थापना की थी। इन स्टेशनों की मदद से एक सीमित दायरे में वायु गुणवत्ता का पता चलता है, जबकि मोबाइल वैन की मदद से इसे किसी भी क्षेत्र में ले जाकर उपयोग में लाया जा सकता है। वहीं कई स्टेशनों की स्थापना के बाद भी विभिन्न प्रकार के तकनीकी कारणों से अब तक इनका संचालन शुरू नहीं हुआ है। इनकी मदद से प्रदूषण के अतिरिक्त वायु गुणवत्ता, तापमान, वायु गति और मौसम संबंधी अन्य विवरण मिलेगा।