
राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण त्वरित गति से हो : मुख्यमंत्री
बेंगलूरु. मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने राज्य मे विभिन्न चरणों में चल रहे राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण त्वरित गति से पूर्ण कराने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तरफ से किए जा रहे निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करवाने के संबंध में सोमवार को यहां मुख्यमंत्री कुमारस्वामी की अध्यक्षता मे उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहयोग से कुल 7556 किमी लंबी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 346 3 किमी लंबे चार व छह पथ वाले मार्ग का निर्माण करने पर कुल 36 हजार करोड़ रुपए की लागत आएगी। परियोजनाओं को तेजी से पुरा करने के लिए वन, ऊर्जा तथा राजस्व विभाग का सहयोग आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को राजमार्ग निर्माण की परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण के मार्ग में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करना चाहिए और जहां पर जरुरत है वहां पर भूमि अधिग्रहण अधिकारियों की तत्काल नियुक्तियां की जानी चाहिए। वन भूमि के अधिग्रहण को लेकर उत्पन्न समस्याओं को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने 15 दिन में एक बार अधिकारियों के साथ बैठक बुलाने के मुख्य सचिव को निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छह लेन वाले बेंगलूरु-मैसूरु राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की परियोजना के प्रथम पैकेज के तहत 3890 करोड़ तथा दूसरे पैकेज के तहत 3300 करोड़ रुपए की लागत से यानी कुल 7000 करोड़ रुपए की लागत से परियोजना का कार्य पूरा किया जाएगा। इस माह के अंत तक इस परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा लिहाजा भूमि अधिग्रहण का कार्य तेजी से पूरा करने के साथ ही पेड़ों की कटाई तथा केपीटीसीएल की तरफ से बिजली के खंभों को स्थानांतरित करने का कार्य तेजी से पूरा किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के बेंगलूरु, मेंगलूरु, चित्रदुर्गा, कलबुर्गी, बल्लारी,रामनगर तथा तुमकूरु जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तरफ से शुरू की गई रामार्ग निर्माण परियोजनाओं के मार्ग में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों व खान व भू- विज्ञान विभाग के अधिकारियों को समुचित कदम उठाने चाहिए। बैठक में लोक निर्माण मंत्री एच.डी. रेवण्णा, पशुुपालन मंत्री वेंकटराव नाडग़ौड़ा, लघु सिंचाई मंत्री सी.एस. पुट्टराजु, मुख्य सचिव टी.एम. विजय भास्कर, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रजनीश गोयल के अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों व संबंधित जिलों के अधिकारियों ने भाग लिया।
Published on:
02 Oct 2018 04:34 pm
