9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यह किसी दल की नहीं किसानों की सरकार : मुख्यमंत्री

सरकार ऋण माफी प्रक्रिया को पूरा कर देगी, यह किसानों से उनका वादा है।

2 min read
Google source verification
jainism

यह किसी दल की नहीं किसानों की सरकार : मुख्यमंत्री

बेेंगलूरु. मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा कि राज्य सरकार किसी दल की नहीं बल्कि किसानों की सरकार है और किसानों के हितों की रक्षा के लिए कृतसंकल्प है।

रविवार को कृषि मेले के समापन समारोह में उन्होंने कहा कि कुछ नेता किसानों को भ्रमित कर उकसाने का प्रयास कर रहे हैं। अगले वर्ष जून तक सरकार ऋण माफी प्रक्रिया को पूरा कर देगी, यह किसानों से उनका वादा है।

इसलिए किसान सरकार पर भरोसा करें। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया गलत खबरें दिखा कर माहौल खराब कर रहा है। उन्होंने चेताया कि किसानों के विरोध प्रदर्शन की आड़ में कानून हाथ में लेने का प्रयास करने वालों पर सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि एक बार ऋण माफ करने से किसानों की सभी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। सरकार चाहती है कि किसान को किसी के सामने हाथ फैलाने की नौबत नहीं आए इसलिए किसान को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृषि नीति तैयार की जा रही है।

किसानों को आय में वृद्धि के लिए कृषि के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों पर भी ध्यान देना चाहिए। सरकार उनकी हरसंभव मदद के लिए तैयार है। पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली ने कहा कि कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एम.एस. स्वामीनाथन समिति की सिफारिशों को लागू करने की मांग गत कई वर्षों से ठंडे बस्ते में पड़ी है।

एक दो बार ऋण माफ करने से किसानों की समस्या का समाधान संभव नहीं है। जब तक कृषि उत्पादों का मूल्य निर्धारण वैज्ञानिक ढंग से नहीं होगा, तब तक कृषि लाभदायक नहीं हो सकती।

किसान को कृषि उत्पाद का मूल्य निर्धारण करने का अधिकार मिलना चाहिए। तभी कृषि क्षेत्र में क्रांति संभव होगी। कृषि मंत्री शिवशंकर रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार की फसल बीमा योजना से किसानों को सीमित लाभ मिल रहा है।

इस योजना से किसानों का नहीं बल्कि बीमा कंपनियों का भला हो रहा है। राज्य में शीघ्र ही तेलंगाना जैसी बीमा योजना लागू की जाएगी। कृषि विभाग चाहता है कि किसानों की आय में वृद्धि हो इसके लिए राज्य के सभी कृषि विवि तथा अनुसंधान केंद्रों की मदद से समग्र कृषि नीति तैयार की जा रही है।

समारोह में ग्रामीण विकास तथा पंचायत राज मंत्री कृष्ण बैरेगौड़ा ने भी विचार रखे। मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने किसानों की मदद के लिए दो वेबसाइट लॉन्च की।

'बीज आधार' नामक एक वेबसाइट में किसानों को बीजों की उपलब्धता, बीजों का मूल्य समेत विभिन्न जानकारियां उपलब्ध होंगी। दूसरी वेबसाइट में किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता तथा आवश्यक खाद की जानकारी उपलब्ध होगी।