
तुमकूरु. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि त्रिपुरा में वाम मोर्चे के ढाई दशकों के शासन को खत्म कर भाजपा को जिताने में वहां के युवाओं और महिलाओं की बड़ी भूमिका रही। रामकृष्ण विवेकानंद आश्रम की रजत जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि त्रिपुरा में परेशान युवाओं ने वाम सरकार को हटाने के लिए वोट डाला तो वाम दलों के कुशासन, भ्रष्टाचार, धमकी, बदले और नफरत की राजनीति से परेशान महिला शक्ति ने सरकार को बदलने के लिए वोट दिया।
मोदी ने कहा कि इन दो शक्तियों की एकजुटता ने त्रिपुरा मेें वाम शक्तियों के मजबूत किले को ढहा दिया है। अब राज्य में बनने वाली भाजपा की सरकार वाम मोर्चे के शासन काल की बुराईयों को खत्म कर राज्य को विकास के नए पथ ले जाएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि युवाओं व महिलाओं को उनका उचित हक मिले। मोदी ने कहा कि त्रिपुरा की नई भाजपा सरकार पार्टी के युवा और महिला कार्यकर्ताओं की आकांक्षाओं व आशाओं को पूरा करने की कोशिश करेगी। पार्टी के अधिकांश विधायक युवा हैं और यह एक अच्छी शुुरुआत है।
पीएम बोले : युवा शक्ति बदल सकती है भविष्य
मोदी ने युवाओं से कहा कि हमें एक संकल्प तय कर उस पर जीवन न्योछावर कर देना चाहिए। संकल्प जितना साफ होगा, जीवन में आगे का रास्ता भी उतना ही आसान होता जाएगा। देश में 35 साल के युवाओं की आबादी 65 फीसदी से ज्यादा है और ये ताकत देश का भविष्य बदल सकती है। मोदी ने कहा कि नवोन्मेष ही बेहतर भविष्य का आधार है। स्कूली बच्चों के आइडिया को नवोन्मेष में बदलने के लिए देश भर में 2400 अटल टिंकरिंग प्रयोगशालाओं को मंजूरी दी गई है। मोदी ने कहा कि शिक्षा में सुधार के लिए सरकार चार साल में एक लाख करोड़ रुपए खर्च करेगी।
वर्तमान ही नहीं, इतिहास और भविष्य से भी जुड़ें
मोदी ने कहा कि युवाओं से संवाद में हमेशा कुछ नया सीखने को मिलता है। मोदी ने कहा कि वे अक्सर युवाओं से मिलने, उनकी बातें और आशाओं व आकांक्षाओं को जानने की कोशिश करते हैं ताकि उसके मुताबिक काम कर सकें। मोदी ने कहा कि वर्तमान के साथ ही इतिहास और भविष्य से भी जुड़ाव होना जरुरी है।
परंपराओं से जुड़ाव जितना मजबूत होगा, युवा खुद को उतना ही ज्यादा मजबूत महसूस करेगा। मोदी ने कहा कि युवा सिर्फ ये नहीं सोचता कि जो पहले अच्छा था, वही बेहतर था। युवा ये सोचता है कि पुराने से सीख लकर वर्तमान और भविष्य को और बेहतर कैसे बनाया जाए। मोदी ने कहा कि युवा चाहता है कि भविष्य, वर्तमान और अतीत दोनों से ज्यादा बेहतर और मजबूत हो।
राज्य में आध्यात्मिक और युवा महोत्सव का नया मॉडल
मोदी ने कहा कि कर्नाटक में आध्यात्मिक और युवा महोत्सव का नया मॉडल विकसित हो रहा है, जो देश में दूसरों को प्रेरणा देगा। भविष्य की तैयारी के लिए हमारी ऐतिहासिक पंरपराओं और वर्तमान युवा शक्ति का यह अद्भुत समागम है। मोदी ने कहा कि आज यहां हम तीर्थों के साथ तकनीक और ईश्वर के साथ नए अन्वेषण की बात भी कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से पहले जब समाज कई हिस्सों में बंटा था तब संतों ने आजादी के मकसद को लेकर उसे एक सूत्र में बांधने के लिए सामाजिक आंदोलन चलाए थे।
देश की आवश्यकताओं को देखते हुए आध्यात्मिक यात्रा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा। जनसेवा को संतों ने प्रभु की सेवा का माध्यम बनाया। मोदी ने कहा कि अमरीका जाने से पहले जब स्वामी विवेकानंद कन्याकुमारी जा रहे थे तब वे कुछ दिन कर्नाटक में भी रुके थे। मोदी ने शहर में स्थित सिद्धगंगा मठ के प्रमुख डॉ शिवकुमारस्वामी के शिक्षा के क्ष्ेात्र में किए गए कार्यों की सराहना भी की। मोदी ने स्वामी के के बेहतर स्वास्थ्य की भी कामना की।
Published on:
05 Mar 2018 10:38 pm
