
बेंगलूरु. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. येड्डियूरप्पा ने पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं की अपेक्षा के अनुसार कांग्रेस मुक्त भारत बनाने के लिए प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता से उखाडऩे का आह्वान किया है। येड्डियूरप्पा ने बुधवार को यहां पैलेस मैदान पर आयोजित भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति की एक दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन करने के बाद कहा कि शृंखलाबद्ध तरीके से हार का सामना कर रही कांग्रेस राज्य में सत्ता पर काबिज रहने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रही है। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या हार के डर से दूसरे क्षेत्र से चुनाव लडऩे की योजना बना रहे हैं। ऐसे में वे भला पार्टी को सत्ता में कैसे लाएंगे।
उन्होंने कहा कि मैसूरु में कांग्रेस की हार से राज्य में कांग्रेस की जडं़े हिल जाएंगी। कांग्रेस को हराने तक कार्यकर्ताओं को विश्राम नहीं करना चाहिए। उन्होंने समिति के सदस्यों के अगले एक माह तक अपने क्षेत्रों में डटे रहने और कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर काम करने की सलाह दी। उत्तर प्रदेश की तरह राज्य में भी आश्चर्यजनक चुनाव परिणाम आने का दावा करते हुए येड्डियूरप्पा ने कहा कि चाहे कोई कुछ भी कहे पर मिशन 150 को हासिल करने में उन्हें कोई संदेह नहीं है। येड्डियूरप्पा ने समिति से सदस्यों से सावधान रहने, चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारियों का निर्वाह करने को कहा।
केन्द्रीय मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा के सारे सांसद अनशन पर बैठेंगे। लोकसभा व राज्य सभा में कांग्रेस सहित कुछ दलों ने कामकाज में बाधा डाली। उनकी लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ हम अनशन करेंगे। कांग्रेस से देश को बचाओ के नारे के साथ सत्याग्रह किया जाएगा। बहरहाल, दिन भर चली इस कार्यशाला में पार्टी नेताओं ने समिति के सदस्यों को चुनावी योजना के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, शोभा करंदलाजे सहित अन्य नेता उपस्थित थे।
येड्डियूरप्पा ने किया विद्यार्थियों से संवाद
बेंगलूरु. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येड्डियूरप्पा ने कहा कि कानून व्यवस्था, यातायात जाम, पेयजल व कचरा निपटान सहित अनेक समस्याओं का सामना कर रहे बेंगलूरु को जन स्नेही, उद्यम स्नेही, शांति प्रिय व बेहतर पर्यावरण वाले शहर के तौर पर बनाने का पार्टी ने संकल्प किया है। येड्डियूरप्पा बुधवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में नव बेंगलूरु चर्चा कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रतिस्पद्र्धाओं के विजेता विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि कभी उद्यानों का शहर कहलाने वाला बेंगलूरु आज कचरे के शहर में बदल गया है। यातायात, लचर कानून व्यवस्था व बढ़ते अपराधों के कारण शहर के लोग त्रस्त हो गए हैं। ऐसे में राज्य में आकर निवेश करने वाले उद्योगपति पीछे हट रहे हैं। पिछले पांच सालों में भ्रष्टाचार व रिश्वतखोरी के कारण शहर में समस्याओं का अंबार लग गया है। शहर में कचरे की समस्या के बारे में पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि कचरा निपटान के ठेकों में अधिकारी व ठेकेदार मिलकर निविदा की रकम का तीन चौथाई भाग हड़प लेते हैं। इसके पीछे बड़ा माफिया सक्रिय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो इस माफिया पर अंकुश लगाकर, वैज्ञानिक तरीके से कचरे का पृथकीकरण व निपटान के कदम उठाएगी।येड्डियूरप्पा ने कहा कि राज्य में सभी स्तर पर भ्र्रष्टाचार चल रहा है। परिश्रम करके पढ़ाई करने वालों को केपीएससी से रोजगार नहीं मिलता है। सरकारी कार्यालयों में ईमानदार अधिकारी हों और राजनीतिक दखलंदाजी नहीं हो तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है। युवाओं को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन जागरूकता उत्पन्न करनी होगी। येड्डियूरप्पा ने कहा कि मलिन बस्तियों में सुधार करके गरीबी हटाई जा सकती है। भाजपा सत्ता में आई तो झुग्गी बस्तियों की जगह पर ही बहुमंजिला आवासीय कालोनी का निर्माण करवाकर लोगों को वहां पर बसाएगी और नई झुग्गी बस्तियां पनपने नहीं देगी।
येड्डियूरप्पा ने कहा कि भाजपा की सरकार नए तालाबों का विकास करने के साथ ही तालाबों की भूमि से अतिक्रमण हटाने के कदम उठाएगी और शहर के आस-पास उपनगरों की स्थापना पर बल देगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो लोगों के लिए सम्मान से आने जाने का वातावरण बनाएगी और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष बल देने के साथ ही पुलिस व्यवस्था में नए सुधार लागू करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को युवाओं के प्रति गहरा विश्वास है। 21 वीं सदी को भारत की सदी बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है। युवाओं को अधिक संख्या में मतदान करके लोकतंत्र को मजबूत बनाना होगा और मतदान के प्रति जागरुकता उत्पन्न करनी होगी।
Published on:
12 Apr 2018 08:11 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
