
राजनीति करूंगा पर अब चुनाव नहीं लड़ना : सिद्धरामय्या
बेंगलूरु. हाल में हुए विधानसभा चुनाव में अपने गृह जिले मैसूरु की चामुंडेश्वरी सीट पर 36 हजार से अधिक मतों के अंतर से चुनाव हारे कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा कि वे राजनीति में तो सक्रिय रहेंगे पर अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
मैसूरु की वरुणा सीट पर अपने पुत्र यतीन्द्र को चुनाव जिताने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद देने के मकसद से मैसूरु पहुंचे सिद्धरामय्या ने रामकृष्ण नगर स्थित अपने निवास पर कहा कि हाल में हुए चुनाव में प्रदेश की जनता ने किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया लिहाजा जद-एस-कांग्रेस गठबंधन की सरकार पूरे पांच सालों तक चलेगी।
मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद कांग्रेस में उभरे असंतोष को लेकर पूछे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई असंतुष्ट नहीं हैं और सभी संतुष्ट हैं और मैंने एम.बी. पाटिल, एचके पाटिल सहित सभी नेताों के साथ बातचीत की है।
मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के भ्रष्टाचार के बारे में दिए बयान पर प्रतिक्रिया में सिद्धरामय्या ने कहा कि उन्हें विधानसौधा में भ्रष्टाचार कहीं नजर नहीं आया पर हो सकता है कुमारस्वामी को नजर आया हो तो वे उस पर नियंत्रण लगाए, उनको यह अधिकार है। कांग्रेस के असंतुष्टों के भाजपा के साथ संपर्क में होने के येड्डियूरप्पा के बयान पर प्रतिक्रिया करते हुए सिद्धरामय्या ने कहा कि उनकी बातों की फूटी कौड़ी की कीमत नहीं है।
भाजपा नेताओं के हाल में उनके प्रति हमदर्दी दिखाने के बारे में पूछे जाने पर सिद्धरामय्या ने कहा कि कर्नाटक के सारे लोग उनसे प्यार करते हैं। भाजपा वालों ने मेरे प्रति करुणा दिखाई, लिहाजा उनको भी धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि चामुंडेश्वरी की जनता ने पिछले चुनावों में जो पासला किया है उसका वे सम्मान करते हैं लेकिन इस सीट पर हुई हार का विश्लेषण नहीं करेंगे। वरुणा क्षेत्र के लोगों ने मेरे पुत्र यतीन्द्र को चुनाव में जिताया है लिहाजा वे मतदाताओं का शुक्रिया अदा करते हैं।
सिद्धरामय्या ने कहा कि जद-एस- कांग्रेस गठबंधन सरकार की समन्वय समिति की पहली बैठक 14 जून को बेंगलूरु में होगी। बैठक में किसानों का ऋण माफ करने का मसला उठाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बैठक की कार्यसूची के बारे में बुधवार को निर्णय किया जाएगा।
Published on:
13 Jun 2018, 5:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.