
बांसवाड़ा: बाल पंचायत में बाल अधिकारों व संरक्षण पर मंथन
बांसवाड़ा. बाल अधिकार सप्ताह महोत्सव के तहत बाल पंचायत के साथ संवाद एवं ग्राम पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इसके तहत गुरुवार को घाटोल पंचायत समिति की बोरदा ग्राम पंचायत में बाल अधिकारों को लेकर बाल संरक्षण समिति एवं जनजातीय स्वराज संगठन के साथ चर्चा की गई। इसमें स्थानीय स्तर पर बच्चों को बाल मित्र वातावरण कैसे प्रदान कर सकते है और इसमें बाल संरक्षण समिति की क्या भूमिका है आदि पर मंथन किया गया। स्वराज संगठन अध्यक्ष शंकरलाल पांडोर ने बैठक की अध्यक्षता की। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चिरावाला गड़ा में बाल पंचायत के सदस्यों बाल सरपंच, बाल सचिव, बाल उप-सरपंच एवं बाल वार्ड पंचों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें बच्चों के परिचय के साथ-साथ बच्चों की पसंद-नापसंद और उनकी समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। बच्चों ने स्वयं, परिवार और फिर गांव के बारे में जानकारी प्रदान की। साथ ही गांव में खेल मैदान नहीं होने, शिक्षकों की कमी, सड़क व स्वच्छ पेयजल की समस्या आदि के बारे में बताया। कार्यक्रम प्रभारी माजिद खान ने बताया कि बाल पंचों के द्वारा कार्ड शीट पर चित्रों के माध्यम से उनकी पसंद व नापसंद को लेकर बात की गई। इस दौरान संस्था प्रधान सुशील उपाध्याय, पंकज कुमार, वागधरा से मधु सिंह, नरेश चंद्र बुनकर, रमेश प्रजापत, बाल पंचायत से जाग्रति, दीपेश व धर्मिष्ठा यादव आदि उपस्थित रहे।
Updated on:
21 Nov 2021 07:57 pm
Published on:
21 Nov 2021 07:57 pm
