6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Banswara State Highway : बांसवाड़ा में गढ़ी- कुशलगढ़ स्टेट हाईवे 54-ए खस्ताहाल, बढ़ रहा जनाक्रोश, कब शुरू होगा निर्माण?

Banswara State Highway : बांसवाड़ा के परतापुर में गढ़ी–कुशलगढ़ स्टेट हाईवे 54ए खस्ताहाल है। करीब 80 किमी लंबे मार्ग के लिए लगभग 334 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है। टेंडर प्रक्रिया 2025 में पूरी हो चुकी है। पर निर्माण कार्य कब शुरू होगा, बढ़ रहा जनाक्रोश।

2 min read
Google source verification
Banswara Garhi-Kushalgarh State Highway 54A dilapidated condition Public anger when will construction begin

परतापुर. टूटी सड़क व उड़ती धूल मिट्टी। फोटो पत्रिका

Banswara State Highway : बांसवाड़ा के परतापुर में गढ़ी–कुशलगढ़ स्टेट हाईवे 54ए की जर्जर हालत अब आमजन और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। करीब एक दशक पहले घोषित इस मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, आबादी क्षेत्रों में अतिक्रमण, उड़ती धूल और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। रोजाना सफर करने वाले लोग कमर दर्द सहित अन्य समस्याओं से भी परेशान हैं, जिससे जनाक्रोश बढ़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फिलहाल नए सिरे से निर्माण संभव नहीं है, तो कम से कम पेचवर्क कर राहत दी जाए। कुछ समय पूर्व गढ़ी, रैयाना व जौलाना के बीच मरम्मत हुई, लेकिन वह भी अब उखड़ने लगी है। शेष मार्ग पर खतरनाक गड्ढे बने हुए हैं और होली पर भी कोई राहत नहीं मिल सकी।

टेंडर प्रक्रिया 2025 में पूरी

राज्य सरकार ने वर्ष 2024-25 में इस मार्ग को टू-लेन हाईवे के रूप में विकसित करने की योजना बनाई थी। करीब 80 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए लगभग 334 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है और टेंडर प्रक्रिया 2025 में पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होना चिंता का विषय बना हुआ है।

क्षेत्र के 60 से अधिक गांव प्रभावित

यह मार्ग गढ़ी, परतापुर, बागीदौरा व कुशलगढ़ को जोड़ते हुए मध्यप्रदेश सीमा तक पहुंचता है और क्षेत्र के 60 से अधिक गांवों व लाखों लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। निर्माण होने पर बेहतर कनेक्टिविटी के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो आगामी बरसात में हालात और बिगड़ सकते हैं।

करोड़ों की लागत से सड़क बनी, बस सुविधा नहीं

जौलाना में सरकार ने करोड़ों की लागत से टू लेन सड़क का निर्माण तो करा दिया, लेकिन इस मार्ग पर यातायात सुविधा के नाम पर एक भी बस का संचालन नहीं हो रहा है। यह मार्ग एक तो जौलाना से वाया गामड़ी नारायण आमजा गोपीनाथ का गड़ा परतापुर तक जाता है। दूसरा यह मार्ग जौलाना से तलवाडा वाया गोपीनाथ का गड़ा होते हुए बांसवाड़ा को जोड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क तो है, लेकिन यहां राजस्थान पथ परिवहन निगम व निजी बसों का संचालन होता है। बसों के संचालन के अभाव के चलते इस मार्ग पर जौलाना से गामड़ी नारायण और आमजा तक पैदल जाने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन से इस मार्ग पर राजस्थान पथ परिवहन एवं निजी बस संचालन की मांग की है। अरथूना से वाया आमजा परतापुर, आनंदपुरी से बांसवाड़ा वाया जौलाना आमजा, तलवाडा मार्ग, तलवाडा जौलाना बागीदौरा मार्ग तक बस संचालन होने से लोगों को राहत मिलेगी।