
कटारिया फिर बोले- सरकार चंद दिनों की मेहमान
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कटारिया ने शनिवार को कुशलगढ़ नगरपालिका चुनाव के अन्तर्गत भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में शनिवार को पीपली चौक पर सभा की। उन्होंने कहा कि राज्य में गहलोत सरकार चंद दिनों की मेहमान है। अभी सरकार के तीन साल बाकी है, लेकिन सचिन पायलट के विरोध का मामला भी ताजा ही है। ऐसे में कटारिया के बयान के कई तरह के मायने निकाले जा रहे हैं।
दांव फेल हो गया....
कटारिया ने सभा में कहा कि दांव फेल हो गया, वरना सरकार कब की गिर जाती। उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार होते ही सरकार गिरने का दावा किया और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही बदले की भावना से काम किया है। भाजपा ने लोगों का दिल जीता है। कटारिया ने वार्ड परिसीमन और लंबी चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल किए।
यह रहे मौजूद
सभा में पूर्व राज्यमंत्री भवानी जोशी, धनसिंंह रावत, जीतमल खांट, पूर्व संसदीय सचिव भीमा भाई डामोर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंदसिंह राव, कुशलगढ़ प्रधान कानहींग रावत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लीला पडियार, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष रेखा जोशी, नगर मंडल अध्यक्ष नितेश बैरागी, जिला मंत्री जिनेंद्र सेठिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश कावडिय़ा आदि उपस्थित रहे।
मालवीया ने किया पलटवार
पूर्व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया के बयान पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्रजीतसिंह मालवीया ने पलटवार भी किया है। उन्होंने भाजपा पर सरकार गिराने के प्रयास का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी षडय़ंत्र रचा था, लेकिन भाजपा नाकाम रही। अब एक बार फिर से सरकार गिराने का प्रयास कर रही है। मालवीया ने भाजपा के ही एक गुट को लेकर कहा कि कांग्रेस की मदद की थी। उन्होंने गहलोत सरकार के पांच साल तक चलने का भी दावा किया।
Updated on:
23 Jan 2021 08:56 pm
Published on:
23 Jan 2021 08:56 pm
