13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दस महीने पहले नातरा कर लाया, वापसी की शंका में झगड़े के बाद चाकू से गला रेतकर हत्या

खमेरा थाना क्षेत्र के कंठाव में चौंकाने वाली वारदात, आरोपी पति ने खुद थाने पहुंचकर कबूली हत्या

2 min read
Google source verification
दस महीने पहले नातरा कर लाया, वापसी की शंका में झगड़े के बाद चाकू से गला रेतकर हत्या

दस महीने पहले नातरा कर लाया, वापसी की शंका में झगड़े के बाद चाकू से गला रेतकर हत्या

बांसवाड़ा/घाटोल. जिले के खमेरा थानान्तर्गत कंठाव पंचायत क्षेत्र में शनिवार को एक युवक ने शंका पर झगड़े के बाद अपनी ही पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। दस महीने पहले नातरा प्रथा से दूसरी शादी कर लाई पत्नी के भाग निकलने की शंका में वारदात के बाद आरोपी खुद ही खमेरा थाने पहुंचा और हत्या कबूल भी की।
सुबह के समय हुए मामले की चौंकाने वाली जानकारी पाकर पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। आनन-फानन में थाने की टीम मौके पर पहुंची। पता चला कि कंठाव पंचायत के जाजोर गांव में २५ वर्षीया शांति पत्नी पप्पूलाल रावल जोगी का शव खेत पर बने झोपड़े में लहूलुहान पड़ा था। इत्तला पर डीएसपी कैलाशचंद्र बोरीवाल भी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। पूछताछ में मृतका के पीहर के बारे में जानकारी लेकर पुलिस ने इत्तला दी तो पीपलखूंट क्षेत्र के जेथलिया पंचायत अंतर्गत उजपुरा से पिता रकमा पुत्र चोखला रावल सहित अन्य परिजन पहुंचे। ६१ वर्षीय रकमा ने उसकी बेटी की हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दी। इस पर मौका कार्रवाई के बाद शव बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया। बाद में थाना प्रभारी अब्दुल हकीम ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। उधर, प्रकरण में आरोपी पप्पूलाल पुत्र शंकर रावल से थाने में पुलिस की पूछताछ जारी रही।
मां बोली-सुबह आकर उठाने पर नहीं हिली लाडी
इससे पहले हत्या की वारदात को लेकर मौके पर पूछताछ में पुलिस ने मृतका की सास सोहनी से सवाल किया तो उसने हाथ जोड़ते हुए कहा कि साहब शाम को बहू ने खाना बनाया। हम सभी ने साथ में खाया। फिर मैं दूसरे बेटे के घर पर सोने के लिए चली गई। शनिवार सुबह आई तो बेटा पप्पू घर पर नहीं दिखा। बहू देरतक लेटी देखकर उसने उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह हिली ही नहीं। उसे पूरी तरह बेसुध और खाट के आसपास खून बिखरा दिखा तो दूसरे बेटे और रिश्तेदारों को बताया।
दोनों की थी दूसरी शादी
परिजनों के अनुसार खेती और मजदूरी पर निर्भर पप्पू पहले से शादीशुदा था। उसकी पत्नी नातरे चली गई तो वह पीपलखूंट क्षेत्र से शांति को दस महीने पहले नातरे लाया था। शांति भी पहले से शादीशुदा थी, लेकिन वह पप्पू के साथ आ गई थी।
परिजनों ने जताया आक्रोश
हत्या के मामले को लेकर सुबह मौके पर पहुंचते ही हालात देखकर पीहर पक्ष ने खासा आक्रोश जताया। इस पर डीएसपी बोरीवाल ने समझाइश कर ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीण पुलिस कार्रवाई में सहयोग के लिए सहमत हुए।
एक दिन पहले लेने आया था पिता
प्रकरण में डीएसपी बोरीवाल ने बताया कि मृतका के पिता ने बताया कि वह एक दिन पहले ही बेटी को लेने आया था। तब पप्पू ने यह कहकर उसे लौटा दिया कि शांति की रकम गिरवी पड़ी है। वीसी से पैसे आने वाले है, रकम लाने के बाद वह आ जाएगी। इसके चलते वह भी रुक गया। दूसरी ओर, ससुराल के लोगों से पता चला कि शांति यहां रहना ही नहीं चाहती थी। रात को उसके साथ पप्पू का झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद वारदात हुई, जिसका सुबह पता चला। मामले में पुलिस की तहकीकात जारी है।

बड़ी खबरें

View All

बांसवाड़ा

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग