बांसवाड़ा. शरद पूर्णिमा के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से बांसवाड़ा शहर में रविवार अपराह्न बाद स्वयं सेवकों का पथ संचलन निकाला गया। इसमें सम्मिलित स्वयंसेवकों ने घोष की धुन पर अनुशासित रूप से कदम बढ़ाए।
पथ संचलन शहर के मध्य कुशलबाग मैदान से आरंभ हुआ। इससे पहले ही स्वयं सेवकों का एकत्रीकरण आरंभ हो गया था। ठीक 4:30 बजे पथ संचलन आरंभ हुआ, जो गांधी मूर्ति, चंद्रपोल, पिपली चौक, आजाद चौक, पाल रोड, नई आबादी, गोल चौराहा, कलेक्ट्री रोड, जवाहर पुल होते हुए कुशलबाग मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। सबसे अंत में संघ के संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार और द्वितीय सरसंघचालक माधवराव गोलवलकर की तस्वीरों के साथ आदि कवि वाल्मीकि का भी चित्र सुसज्जित जीप में लगाया गया था। जीप में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह मंत्री रामस्वरूप महाराज बैठे थे। जगह-जगह पर पथ संचलन में सम्मिलित स्वयंसेवकों का नगर वासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।