6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: सरकारी स्कूल का शिक्षक बना ‘गैंगस्टर’, 2 व्यापारियों से मांगी 1 करोड़ 40 लाख की फिरौती

Banswara Crime News: बांसवाड़ा में दो व्यापारियों से 1 करोड़ 40 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ऑनलाइन गेमिंग में कर्ज में डूबे आरोपी ने गैंगस्टर बनकर धमकी देकर पैसे वसूलने की साजिश रची थी।

2 min read
Google source verification
Banswara crime news, Rajasthan extortion case, teacher arrested Rajasthan, ransom demand case, online gaming debt crime, businessman threat case, Rajasthan police action, extortion gang fake identity, cyber investigation Rajasthan, CCTV investigation case, rural crime Rajasthan, fraud extortion attempt, police arrest news Rajasthan, crime news Banswara, Rajasthan local news

फिरौती के आरोपी ​शिक्षक को पकड़ने वाली पुलिस टीम के साथ एसपी। फोटो- पत्रिका

बांसवाड़ा। शहर के दो व्यापारियों से कुल 1 करोड़ 40 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले आरोपी शिक्षक को पुलिस टीम ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शिक्षक विकेश कुमार कमोल पुत्र कालिया कमोल, थाना क्षेत्र कुशलगढ़ के गांव टिम्बा महुडी का निवासी है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी शिक्षक ने 30 मार्च को एक व्यापारी की बंद दुकान में शटर के नीचे से फिरौती की चिट्ठी डाली और दूसरे व्यापारी के फार्महाउस पर जाकर एक कर्मचारी को धमकी भरा पत्र थमाया। उसने कहा कि यह जमीन के कागजात हैं और मालिक को दे देना।

अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर शुरू की जांच

धमकी भरे पत्र में आरोपी ने स्वयं को बड़ा गैंगस्टर बताते हुए एक व्यापारी से 90 लाख और दूसरे से 50 लाख रुपए की मांग की। साथ ही पैसे नहीं देने पर परिवार और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। दोनों व्यापारियों ने घबराकर 31 मार्च को पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक गोपीचंद मीणा के नेतृत्व में थाना राजतलाब में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले

गठित टीम ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्ध की पहचान हुई। दाहोद मार्ग से आरोपी के आने-जाने का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने फिरौती में उपयोग किए गए लिफाफों के संबंध में रास्ते में पड़ने वाली स्टेशनरी दुकानों पर भी जांच की। पुख्ता साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को पकड़कर गहन पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चुडादा में द्वितीय श्रेणी गणित विषय का अध्यापक है।

कर्ज चुकाने के लिए रची साजिश

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि ऑनलाइन गेमिंग में लाखों रुपए हारने के बाद शिक्षक भारी कर्ज में डूब गया था। उस पर लेनदारों का दबाव बढ़ता जा रहा था। कर्ज चुकाने के लिए उसने गैंगस्टर बनकर व्यापारियों को धमकाने और अवैध वसूली करने की योजना बनाई।

योजना के तहत आरोपी पहले बांसवाड़ा के एक फार्महाउस पहुंचा। वहां चौकीदार से गाय लेने के बहाने उसके मालिक के बारे में जानकारी ली। चौकीदार से उसे पता चला कि मालिक सोना-चांदी का व्यापारी और प्रॉपर्टी डीलर है। इसी तरह उसने दूसरे व्यापारी की जानकारी भी जुटाई। आरोपी ने फिरौती की रकम लेने के लिए भोयन घाटी की पहाड़ियों और पानी की टंकी रोड के सुनसान मार्ग को चुना, ताकि वह आसानी से रकम लेकर फरार हो सके। हालांकि पुलिस ने उसके मंसूबों पर पानी फेरते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।

आरोपी को पकड़ने में आरपीएस प्रशिक्षु सुहासी जैन, पुलिस निरीक्षक राजतलाब देवीलाल मीणा, थानाधिकारी कोतवाली बुधाराम विश्नोई, सहायक उपनिरीक्षक राजतलाब महेंद्र सिंह तथा साइबर शाखा के प्रवीण सिंह और मोहित जोशी की विशेष भूमिका रही।