
नदी में जारी सर्च अभियान (फोटो-पत्रिका)
बांसवाड़ा। जिले के आबापुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात माही नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मछली पकड़ने के लिए नदी में उतरे तीन दोस्तों की नाव अचानक पलट गई, जिससे एक युवक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद से पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
पुलिस के अनुसार बिलड़िया गांव निवासी 18 वर्षीय प्रकाश पुत्र विक्रम निनामा अपने दो दोस्तों राजू (21) और महेश (19) के साथ मछली पकड़ने के लिए माही नदी में गया था। तीनों युवक गेमन पुल के पास नाव लेकर नदी में उतरे थे। इसी दौरान नाव में भारी जाल और अधिक वजन होने के कारण अचानक संतुलन बिगड़ गया और नाव बीच नदी में ही पलट गई। नाव पलटते ही तीनों युवक नदी में गिर गए।
बताया जा रहा है कि राजू और महेश को तैरना आता था, इसलिए वे किसी तरह तैरकर नदी के किनारे तक पहुंचने में सफल हो गए। हालांकि प्रकाश गहरे पानी में डूब गया और देखते ही देखते लापता हो गया। किनारे पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर आबापुरा थाना पुलिस रात करीब 12 बजे मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। रातभर नदी में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा और नदी की अधिक गहराई के कारण लापता युवक का पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह करीब 6 बजे सिविल डिफेंस की 12 सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची और फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने नावों और अन्य उपकरणों की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की।
हालांकि देर शाम तक भी प्रकाश का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें लगातार नदी में तलाश कर रही हैं। फिलहाल लापता युवक की खोज के लिए सर्च अभियान जारी है और परिजनों को किसी भी सूचना के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।
Published on:
01 Apr 2026 08:46 pm
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
