
बांसवाड़ा। बांसवाड़ा जिले के कलिंजरा थाना इलाके के शक्करवाड़ा गांव के पास एक बार फिर बहरूपिए बच्चा चोरी के शक में ( Child Thief Suspect ) भीड़ का शिकार हो गए। ग्रामीणों ने कार में शिव पार्वती बनकर बैठे बहरूपियों को बुरी तरह पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। इससे गांव में काफी देर तक हंगामा और विवाद की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने बहरूपियों को बचाया और थाने लेकर गई। साथ ही भीड़ के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार तीन बहरूपिए अंबाजी देवी का दर्शन करने के बाद दाहोद रोड से होते हुए मध्य प्रदेश की तरफ जा रहे थे। इसी बीच कलिंजरा थाना इलाके के शकरवाड़ा गांव के पास ग्रामीणों का जुलूस निकल रहा था। इस जुलूस के पास से जैसे ही कार निकली तो ग्रामीणों ने रूप बदलकर शिव पार्वती बने बैठे बहरूपियों को बच्चा चोर ( Child Theft ) समझ लिया। इस अफवाह पर ग्रामीणों ने बहरूपियों को कार से बाहर निकाला और उनके साथ मारपीट करते पुलिस के हवाले के दिया। पुलिस ने बताया कि वारदात में घायल सभी मध्य प्रदेश के धार जिले के सादुलपुर निवासी हैं, जो बहरूपिए बनकर खाने कमाने का काम करते हैं।
6वीं वारदात है
बच्चा चोर ( Child Theft ) समझकर बहरूपियों एवं राहगीरों से मारपीट करने की बांसवाड़ा जिले में यह 6वीं वारदात है। इससे पहले बांसवाड़ा जिले के सदर थाना इलाके के चिड़ियावासा और बड़गांव में लोहारिया थाना इलाके के भीमपुरा और पालोदा में तथा पाटन थाना इलाके की बड़ी सरवा गांव में बच्चा चोर समझकर राहगीरों एवं बहरुपियों से मारपीट की वारदात सामने आ चुकी है। सभी जगह प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। भीड़ के खिलाफ इसमें सदर थाना पुलिस ने तो सात-आठ जनों की गिरफ्तारी भी की है।
Published on:
2 Sep 2019, 9:14 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.