बांसवाड़ा/दानपुर. वन विभाग की बांसवाड़ा रैंज के दानपुर क्षेत्र के बारीपाड़ा में गुरुवार शाम को एक पैंथर पहाड़ी पर बनी एक झोंपड़ी में जा घुसा। गृहस्वामी के पुत्र ने पैंथर को देखकर शोर मचाया। सूचना पर वनकर्मी पहुंचे और उसे ट्रेंकुलाइज कर बांसवाड़ा लाए।
जानकारी के अनुसार दानपुर कस्बे से आगे मध्यप्रदेश की सीमा की ओर जाने वाले घाटे की बायीं ओर बारीपाड़ा में पहाड़ी पर झोंपडि़यां बनी हुई हैं। गुरुवार शाम को करीब पांच बजे पहाड़ी से होकर एक पैंथर पहाड़ी पर बनी रामा पुत्र गौतम की झोंपड़ी में जा घुसा। उस समय रामा का परिवार खेतों पर था। करीब छह बजे रामा का पुत्र छगन घर लौटा। भीतर जाने पर उसने एक कोने में पैंथर को देखा तो शोर मचाया। आसपास के ग्रामीण एकत्र हुए। सूचना पर पुलिस और वनकर्मी पहुंचे। क्षेत्रीय वन अधिकारी गोविंदसिंह खींची भी सूचना मिलने पर बारीपाड़ा पहुंचे। वहां ग्रामीणों से समझाइश कर एक ओर किया। इसके बाद पैंथर को ट्रेंकुलाइज कर पिंजरे में डालकर रात करीब सवा नौ बजे बांसवाड़ा लेकर रवाना हुए।