
बांसवाड़ा : हथौड़े से वार कर शिक्षिका की दिनदहाड़े हत्या, परिजनों ने की मौत के बदले मौत की मांग
बांसवाड़ा/गनोड़ा. शिक्षा विभाग प्रारंभिक के तहत तलवाड़ा ब्लॉक में कार्यरत एक शिक्षिका की बुधवार को विद्यालय से लौटते समय मोटागांव थाना क्षेत्र के मुंगाणा के समीप दिनदहाड़े सिर पर हथौड़ा मार कर दर्दनाक हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार वारदात को एक शिक्षक ने अंजाम दिया और फरार हो गया। जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोश जताते हुए मौत के बदले मौत तक की मांग की और वहीं डट गए। देर रात तक घटनास्थल पर सैंकड़ों लोगों की भीड़ जमा रही। हालात को देखते हुए चार थानों से पुलिस जाब्ता और अतिरिक्त बल तैनात किया है। इस दौरान विधायक हरेंद्र निनामा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाश सांदू ने कई बार परिजनों व ग्रामीणों से समझाइश का प्रयास किया। इसके बाद करीब साढ़े दस बजे समझाइश के बाद शव एमजी अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार राजकीय राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बीलपन में कार्यरत और दौलतसिंह का गढ़ा निवासी सुखदा (28) पुत्री लक्ष्मण बरोड़ बुधवार सुबह 9 बजे घर से स्कूल जाने निकली थी। ड्यूटी पूरी कर घर लौटते समय अपराह्न बाद लगभग चार बजे मुंगाणा सांगोली हनुमान मंदिर के पास शिक्षिका का शव पड़ा मिला। मृतका के सिर से खून बह रहा था। मौके पर उसकी स्कूटी पड़ी मिली। समीप में एक हथौड़ा मिला, जिस पर खून के निशान थे। वारदात स्थल से शिक्षिका का मोबाइल नहीं मिला। मोबाइल स्वीच ऑफ बताया जा रहा है। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि आरोपी मोबाइल ले कर भाग निकले हैं।
गिरफ्तारी पर ही शव उठाएंगे
वारदात की जानकारी के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ग्रामीण आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों की एक ही मांग रही कि आरोपी शिक्षक को पकड़ कर लाए। इसके बाद ही शव को उठाया जाएगा। इस दौरान विधायक हरेंद्र निनामा, एएसपी कैलाश सांदू सहित आला पुलिस अधिकारियों ने मृतका के परिजनों व ग्रामीणों को समझाया कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लेंगे, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और देर रात समझाइश के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
ट्रैक्टर चालक ने देखा घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार पालोदा से ट्रैक्टर में पत्थर भरकर दौलतसिंह का गढ़ा जा रहे एक ट्रैक्टर चालक ने पूरे वारदात को देखने का दावा किया है। उसने बताया कि आरोपी शिक्षक है और मृतका के घर के निकट की स्कूल दौलतसिंह का गढ़ा में ही बतौर शिक्षक कार्यरत है। शिक्षक का नाम राजमल गणावा निवासी जेदला बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 6-7 साल से शिक्षक इसी स्कूल में कार्यरत है।
दरवाजे पर लटका मिला ताला
प्रत्यक्षदर्शी की ओर से जानकारी देने के बाद खमेरा थाना पुलिस शिक्षक राजमल गणावा के घर जेदला पहुंची, लेकिन वहां दरवाजे पर ताला लटका मिला। उसके परिवार के अन्य सदस्य भी नहीं मिले। पुलिस ने राजमल के ससुराल गांव पड़ोली पहुंचकर भी तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला।
विवाह की चाह, परिजनों को मंजूर नहीं
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल की दीवार और मृतक शिक्षिका के घर की दीवार एक ही थी। आरोपी शिक्षक राजमल शिक्षिका से विवाह करना चाह रहा था। इसकी जानकारी परिजनों को भी थी, लेकिन शिक्षक विवाहित था और शिक्षिका के परिजनों को उसका पुन: विवाह किसी भी सूरत में मंजूर नहीं था। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी कारण से शिक्षक ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि मामले का असली कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
देर रात तक समझाइश
इधर, वारदात के बाद ग्रामीणों के एकत्र होने पर घटनास्थल पर लोहारिया, खमेरा, मोटागांव सहित चार थानों की पुलिस तैनात की गई। इसके अलावा क्यूआरटी, एमबीसी का जाब्ता भी लगाया गया। पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि ग्रामीणों से समझाइश का हरप्रयास पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं।
जल्द करेंगे गिरफ्तारी
इधर, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्रसिंह सागर ने कहा कि शिक्षिका की हत्या के मामले में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Published on:
07 Jan 2021 03:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
