
बांसवाड़ा. जिले के युवा गायक कलाकार जैमिनी भट्ट ने अपने अंदाज में वागड़ के दर्शनीय स्थलों को विश्व पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने के मकसद से एक नया गीत सृजित किया है। गीत में नवरात्रि मेला जब लगता कुशलबाग में, वड्डे झूले मौत का कुआ उगलते आग है.....। दुनिया के हर एक गली चौबारों में वागड़ का ही डंका बजेगा कुछ सालो में....जैसे बोल के साथ ही वागड़ के दर्शनीय स्थलों बेणेश्वर, मानगढ़ धाम, माही डेम, त्रिपुरा सुंदरी, समाई माता, नागफणि आदि का जिक्र करते हुए प्राकृतिक सौंदर्य एवं कलात्मक विशेषताओं को स्थान दिया है। रैपर भट्ट ने हिप-हॉप अंदाज में वागड़ के दोनों शहरों की सुंदरता को म्यूजिक वीडियो के माध्यम से दर्शाया है।
वीडियो का डायरेक्शन, संगीत, लेखन, अभिनय भट्ट ने किया है। गीत शूट मनीष नायक ने, वीडियो एडिटिंग हैप्पी सिंह राजपुरोहित ने की है। क्लासिकल वोकल राकेश भट्ट व ईशा पंड्या ने गाया है। परंपरागत वेशभूषा में मिनल उपाध्याय एवं मून ने नृत्य किया है। वीडियो में अन्य कलाकार हर्षलता अर्नेस्ट, प्रियंका पीहू, दीपाली शर्मा, राघव वैष्णव, यशराज सिंह, पिंटू वसीटा, प्रियांशु राय, करन राठौड़ सहित अन्य शामिल है। बाल कलाकार हर्षिला व प्रांजली है।
सामाजिक सरोकार केंद्र में
गौरतलब है कि भट्ट ने पूर्व में भी सामाजिक सरोकार से जुड़े वीडियो गीतों की रचना की थी, जिसमें बेटियां- सेव द गर्ल चाइल्ड, आंदोलन-द- रिवाल्यूशन, जंग-द वार अगेनस्ट टेरर, बांसवाड़ा- द सिटी ऑफ हण्ड्रेड आइलैण्ड आदि शामिल है। गीत सोशल साइट्स पर भी इन दिनों काफी चर्चा में हैं।
डायबिटीज पर अन्तरराष्ट्रीय कार्यशाला 17 से
बांसवाड़ा. मधुमेह रोग पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशला उदयपुर में 17 मार्च से प्रारंभ होगी। साथ ही 16 से 20 मार्च तक 5 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद न्यूरोथेरेपी चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक वैद्य शोभालाल औदिच्य ने बताया कि आयुर्वेद विभाग राजस्थान सरकार,नेशनल आयुर्वेद स्टूडेन्ट्स एण्ड यूथ एसोसिएशन , आदर्श क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी व श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ स्वयं सेवी संस्थाओं व जनसहयोग से यह आयोजन होगा।
Published on:
10 Mar 2018, 11:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.