
यूपी के इस जिले में खत्म हो गई बहुजन समाज पार्टी, इन बड़े नेताओं ने भी छोड़ी पार्टी, बीजेपी में हुए शामिल
बाराबंकी. राजधानी लखनऊ से सटे जिले बाराबंकी में बहुजन समाज पार्टी का सूरज लगभग अस्त हो चुका है। एक के बाद पार्टी के कई सीनियर नेता मायावती का साथ छोड़ते चले जा रहै हैं। इसी क्रम में बाराबंकी सदर सीट से तीन बार विधायक और यूपी सरकार में दो बार मंत्री रहे वरिष्ठ बसपा नेता संग्राम सिंह वर्मा भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। संग्राम सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने भाजपा ज्वाइन की। दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ निकाय चुनाव में बीजेपी प्रत्याथी के समर्थन में जनसभा करने के लिए बाराबंकी आए थे। अब हालत ये है कि बाराबंकी जिले में बसपा का एक भी नेता ऐसा नहीं बचा है जिसका कोई जनाधार हो। आपको बता दें कि हालही में बसपा के सीनियर नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके कमला प्रसाद रावत ने भी बसपा को अलविदा कहकर समाजवादी पार्टी ज्वाइन की है।
बसपा के बड़े नेता बीजेपी में शामिल
बसपा छोड़ने वालों में संग्राम सिंह के साथ उनके भाई व बाराबंकी की सदर सीट से बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षा शीला सिंह और इनके कई समर्थकों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इसके साथ ही जिला पंचायत सदस्य व पटेल पंचायती इंटर कॉलेज के प्रबंधक जवाहर लाल वर्मा और उद्योग व्यापार मंडल के प्रान्तीय नेता प्रदीप जैन भी भाजपा में शामिल हो गए हैं।
कुर्मी वोटों पर खास पकड़
आपको बता दें कि संग्राम सिंह के भाई सुरेंद्र कुमार वर्मा मूल रूप से बाराबंकी के गांव जरमापुर के रहने वाले हैं। सुरेंद्र कुमार वर्मा 2002 में हरख ब्लॉक प्रमुख चुने गए थे और इनकी पत्नी शीला सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं। जबकि संग्राम सिंह वर्मा बाराबंकी सदर सीट से तीन बार एमएलए और उत्तर प्रदेश सरकार में दो बार मंत्री रह चुके हैं। भाजपा के शासन में संग्राम सिंह कृषि राज्यमंत्री और बसपा शासन में रेशम उद्योग राज्यमंत्री रह चुके हैं। आपको बता दें कि संग्राम सिंह का परिवार जिले के कुर्मी मतदाताओं पर खास पकड़ रखता है। इसका मतलब बीजेपी अब संग्राम सिंह वर्मा के सहारे जिले के कुर्मी मतदाताओं को अपने पक्ष में करेगी।
कमला प्रसाद रावत ने भी छोड़ी बसपा
दो बार सासंद, दो बार विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे कमला प्रसाद रावत ने भी बीते दिनों बहुजन समाज पार्टी छोड़ दी। कमला प्रसाद रावत पूरे परिवार समेत एक बार फिर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। कमला प्रसाद के साथ उनकी पत्नी व पूर्व विधायक धर्मी रावत, पुत्र बधू पूर्व जिला पंचायत सदस्य लवली और पुत्र वेदप्रकाश रावत ने भी सपा की सदस्यता ली। इनके साथ ही नगर पालिका परिषद नवाबगंज के पूर्व चेयरमैन, बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित रामनगर विधानसभा प्रत्याशी हफीज भारती और क्षेत्र के दर्जनों ग्राम प्रधान भी सपा में शामिल हो गये। वहीं हफीज भारती की पत्नी नगर पालिका अध्यक्ष के लिए चुनाव लड़ रही थीं लेकिन अब वे समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव मैदान से हट गई हैं। आपको बता दें कि इन बड़े नेताओं के पार्टी छोड़कर भाजपा और सपा में शामिल हो जाने के बाद जिले में अब बसपा के नेता न के बराबर ही रह गये हैं। साथ ही इसका बड़ा असर जिले में होने वाले निकाय चुनाव में भी साफ देखने को मिल सकता है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
25 Nov 2017, 1:07 PM IST
Published on:
25 Nov 2017, 12:55 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबाराबंकी
उत्तर प्रदेश




