
मृतक मनीष शर्मा उर्फ बिट्टू (फोटो-पत्रिका)
राजस्थान के बारां जिले में अभिव्यक्ति की आजादी और सोशल मीडिया पर कमेंट लिखना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। जिला मुख्यालय के शिवाजी नगर इलाके में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने मनीष शर्मा उर्फ बिट्टू (30) की चाकुओं से हमला कर नृशंस हत्या कर दी। यह वारदात तब हुई जब मनीष ने शहर में हुए एक दर्दनाक हादसे के पीछे 'अवैध अतिक्रमण' को जिम्मेदार ठहराते हुए फेसबुक पर कमेंट साझा की थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, जबकि तनाव को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
पूरा मामला गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर दो मासूम बच्चों की मौत से जुड़ा है। इस हादसे से मनीष काफी आहत था। शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे मनीष ने फेसबुक पर एक कमेंट पोस्ट किया था।
शुक्रवार देर रात मनीष जब अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी लालबाई चौक के पास पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उसे रोक लिया। जान बचाने के लिए मनीष एक तंग गली में भागा, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया और शरीर पर चाकुओं से दर्जनों वार किए। मनीष को लहूलुहान छोड़कर आरोपी अपनी दो बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। अस्पताल पहुँचने से पहले ही मनीष ने दम तोड़ दिया।
शनिवार सुबह घटना से आक्रोशित परिजनों और शिवाजी नगर के लोगों ने जिला अस्पताल के बाहर मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। लोगों की मांग है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया जाए। मौके पर पहुँचे पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर जाम खुलवाने का प्रयास किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक मनीष शर्मा उर्फ बिट्टू का खुद का रिकॉर्ड भी साफ नहीं था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 8 मामले दर्ज थे और वह एक मामले में फरार चल रहा था। हालांकि, पुलिस का मानना है कि ताजा हत्या की मुख्य वजह वह फेसबुक पोस्ट और पुरानी रंजिश ही है।
पुलिस ने मौके से बरामद दो बाइकों के जरिए आरोपियों की पहचान की कोशिश शुरू कर दी है। एसपी ने विशेष टीमों का गठन किया है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स और मनीष की पोस्ट पर आए कमेंट्स की भी तकनीकी जांच कर रही है।
Published on:
19 Apr 2026 03:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
