
पुलिस ने गिरफ्तार किया अफीम डोडा चूरा तस्करी का आरोपी (फोटो: पत्रिका)
Illegal Doda-Chura Supply Case: राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बारां पुलिस ने करीब आठ महीने से फरार चल रहे एनडीपीएस एक्ट के आरोपी और पूर्व सरपंच बलराम मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अवैध डोडा चूरा तस्करी में शामिल होने और बड़ी खेप नागौर पहुंचाने का आरोप है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 29 अक्टूबर 2025 को बारां सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक डस्टर गाड़ी से करीब 95 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की बड़ी खेप एक वाहन के जरिए नागौर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी लेने पर भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद हुआ।
इस कार्रवाई के दौरान वाहन चालक जसवंत मीणा सहित सुरेन्द्र और हेमराज को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था। पूछताछ में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी बलराम मीणा है, जो लक्ष्मीपुरा खुर्द थाना हरनावदाशाहजी क्षेत्र का निवासी और पूर्व सरपंच है। घटना के बाद से ही बलराम लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
मामले की जांच वृत्ताधिकारी अटरू द्वारा की जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी रामानंद यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने लगातार तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश जारी रखी। आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बलराम मीणा को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
वहीं बारां के दूसरे मामले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ''नशा-विनाश'' के तहत हरनावदाशाहजी पुलिस ने ग्राम पाटडी भैरूजी मंदिर के पास नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, उनके कब्जे से 4.025 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की गई। जब्त की गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सूरजपुरामाल निवासी रंगलाल मीणा और गुराडी निवासी रणजीत मीणा को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हरनावदाशाहजी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच छबड़ा थानाधिकारी राजेश खटाना को सौंपी गई।
Updated on:
20 May 2026 07:44 am
Published on:
20 May 2026 07:42 am
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
