
खाई में पलटा ट्रक (फोटो-पत्रिका)
बारां। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सोमवार को शाहबाद घाटी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खाद से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे खाई की ओर जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक के केबिन में चालक और परिचालक फंस गए। हादसे में ट्रक के परिचालक (खलासी) की ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार हादसा मुंडियर टोल प्लाजा से करीब पांच किलोमीटर आगे शाहबाद घाटी क्षेत्र में सोमवार को करीब 11 बजे हुआ। शाहबाद घाटी के घुमावदार रास्ते पर अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में खाद भरी हुई थी। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एएसआई रामचंद्र, कांस्टेबल वीरेंद्र और आनंद ने स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। हादसे के बाद ट्रक का केबिन पेड़ों में फंस गया था, जिससे रेस्क्यू कार्य में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस ने कटर मशीन मंगवाई और जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त केबिन को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से केबिन को अलग किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद परिचालक के शव को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा रहे। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ट्रक का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक खलासी की पहचान महेंद्र (38) पुत्र राधे निवासी जामखोह थाना सिरसौद, शिवपुरी मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं चालक प्रकाश चंद (52) पुत्र बाबूलाल निवासी फतेहपुर, शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को फोन से सूचना दी है।
Updated on:
18 May 2026 06:06 pm
Published on:
18 May 2026 05:54 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
