
बारां। अन्ता कस्बे के 19 वर्षीय युवा कलाकार मयंक बेरीवाल ने एक असाधारण उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। मयंक ने लगातार 700 घंटे तक पेंटिंग कर विश्व रिकॉर्ड बनाकर अपना नाम गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया है। यह उपलब्धि उन्हें पेंटिंग करने में सबसे ज्यादा समय देने वाले व्यक्ति की श्रेणी में मिली है। इसके लिए मेडल उन्हें पहले ही मिल गया था। 2 मई को इस रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट उनको प्राप्त हुआ है।
मयंक इस समय 12वीं कक्षा के छात्र हैं, लेकिन उनकी लगन, जुनून और कला के प्रति समर्पण ने उन्हें कम उम्र में ही अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला दी है। लगातार कई हफ्तों तक चले इस अद्वितीय प्रयास में मयंक ने दिन-रात एक करके कला का एक नया इतिहास रचा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बारे में बात करते हुए मयंक ने कहा,यह मेरा सपना था कि मैं अपनी कला के ज़रिए कुछ बड़ा कर दिखाऊं। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना मेरे लिए सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि मेरे गांव, मेरे राज्य और मेरे देश के लिए गर्व की बात है।
स्थानीय स्तर पर भी मयंक की इस सफलता पर खुशी की लहर है। उनके माता-पिता, शिक्षक और साथी छात्र मयंक की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग मयंक को बधाइयां दे रहे हैं और उनकी सराहना कर रहे हैं। मयंक बेरीवाल की यह उपलब्धि न केवल अन्ता और राजस्थान, बल्कि पूरे भारत के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
मयंक ने बताया कि इससे पहले यह रिकॉर्ड केवल 100 घंटे तक की पेंटिंग के लिए ही था। इस पर उन्होंने इस रिकॉर्ड को तोड़ने की ठानी। जनवरी 2024 में इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन अप्लाई किया। संस्था की ओर से उनको अप्रेल में इसकी अप्रूवल मिली। इसके बाद 1 मई से उन्होंने पेंटिंग बनाना शुरू किया। वे प्रतिदिन 4 घंटे पेंटिंग कर इसकी वीडियो और फोटो गिनीज बुक को भेजते थे।
Published on:
04 May 2025 05:44 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
