पहली बार आए राज्यपाल से बोले आदिवासी सहरिया, बागड़े ने शाहाबाद के भांतिपुरा में मॉडल गांव का निरीक्षण किया, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद
केलवाड़ा/बारां. राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े बुधवार शाम को पहली बार बारां जिले के शाहाबाद के सहरिया आदिवासी इलाके में पहुंचे। राज्यपाल ने यहां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र की ग्राम पंचायत खटका के ग्राम भांतिपुरा में मॉडल गांव का निरीक्षण किया। वन.धन विकास केन्द्रों की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, जनजाति आश्रम छात्रावासों एवं पीएम जनमन सहरिया परिवारों के लाभार्थियों से संवाद किया।
खटका पंचायत के भांतिपुरा में जब राज्यपाल पहुंचे तो उनका ग्रामीणों ने अभिनंदन किया। इसके बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने सहरियाओं के बीच खाट पर बैठकर उनसे चर्चा की। इसके बाद उन्होंने पीएम जनमन योजना के तहत सहरिया बस्ती भांतिपुरा में निर्मित मॉडल कॉलोनी का निरीक्षण किया।राज्यपाल से चर्चा करते हुए लाभार्थियों ने खुशी जताते हुए कहा कि बरसों से हम उपेक्षित थे। कहीं कोई सुनवाई नहीं होती थी। अब सरकार सुध ले रही है तो हमारा जीवनस्तर सुधर रहा है। गांव में झोंपड़ी से निकलकर पक्के छत वाला मकान मिला है। सडक़, बिजली और पानी की सुविधा भी मिलने लगी है। हम पिछड़ेपन से निकलकर विकास की राह पर आ गए हैं।
हर आदिवासी को मिले विकास का लाभ
राज्यपाल ने पीएम जनमन योजना से संबंधित विभिन्न विकास के कार्यों का अवलोकन भी किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केन्द्र सरकार के द्वारा आदिवासियों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रत्येक प्रयास जन-जन तक पहुंचे इसके लिए सभी अधिकारी कर्तव्य निष्ठा के साथ कार्य करें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुसार प्रत्येक आदिवासी परिवार का जीवन आधारभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर धरातल पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े खटका की सहरिया बस्ती भातीपुरा में देश की प्रथम प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के तहत निर्मित मॉडल कॉलोनी का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने परिसर में पीपल का पौधा लगाया। सहरिया समाज के लोगों ने लोक संस्कृति से ओतप्रोत सहरिया स्वांग नृत्य कर राज्यपाल का स्वागत किया। 11वीं कक्षा की बालिका प्रियंका भील ने भी राज्यपाल से संवाद किया। उसने राज्यपाल ने और आगे पढऩे की बात कही। राज्यपाल ने पीएम जनमन योजना के तहत निर्मित बहुउद्देशीय केंद्र भांतिपुरा का लोकार्पण किया। इसका निर्माण 59.70 लाख की लागत से हुआ है।
जनजाति आश्रम छात्रावास भी पहुंचे
उन्होंने जनजाति आश्रम छात्रावास में बिजली, पानी एवं भवनों की गुणवत्ता की जांच कर सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहरिया परिवारों को आर्थिक रूप से उन्नत कर उनकी सांस्कृतिक विरासत को बचाना हम सभी का पुनीत कर्तव्य है। राज्यपाल के साथ इस दौरान जिला कलक्टर रोहिताश्व ङ्क्षसह तोमर, एसपी राजकुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस उपाधीक्षक राजेश चौधरी, विधायक डॉ. ललित मीणा, ग्राम पंचायत प्रशासक कन्हैया लाल मेहता सहित जिले के सभी अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े दोपहर को सर्किट हाउस पहुंचे। जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद सांसद दुष्यंत ङ्क्षसहए विधायक राधेश्याम बैरवा, ललित मीणा, जिला कलक्टर ने उनकी अगवानी की।
रात्रि विश्राम बारां में, आज जाएंगे कोटा
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े भांतीपुरा में कार्यक्रम के पश्चात करीब 7 बजे वापस रवाना होकर बारां पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद वे गुरुवार सुबह 7 बजे कोटा के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रधानमंत्री जनमन से पूर्व हमारे यहां सडक़ नहीं थी। हम पत्थरों पर चलते थे। आज हमारे लिए पक्के मकान, बिजली, नल एवं सडक़ की सुविधा दे दी गई है। इससे हमको बहुत लाभ मिला है।
चमेलीबाई, लाभार्थी
प्रधानमंत्री जन-मन योजना से पहले हम कच्चे मकान एवं झोपडिय़ों में रहते थे। सरकार ने अब हमारे लिए छत वाले पक्के मकान बना दिए हैं। पहले हमें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए तकलीफ उठानी पड़ती थी। लेकिन अब इसमें सुधार आया है। इसके लिए सरकार का आभार।
हरिलाल सहरिया, लाभार्थी
सरकार की पीएम जनमन योजना के तहत हमें अपना खुद का आवास मिला है। इसके साथ जहां हम रहते हैं। वहां पर कई आधारभूत सुविधाओं के विकास से हमारा जीवन अब पहले से अधिक आसान हो गया है।
भागो बाई, लाभार्थी
देश की पहली कॉलोनी
पीएम जनमन योजना के तहत जिले के खटका में देश की प्रथम मॉडल कॉलोनी का निर्माण किया गया है। खटका की सहरिया बस्ती भांतिपुरा में रहने वाले आदिवासियों की कुल जनसंख्या 531 हैं। इनमें से 31 परिवारों के मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। पांच मकान अभी भी निर्माणधीन है। इस कॉलोनी में बिजली व्यवस्थाए सडक़ व्यवस्था के साथ.साथ उच्च जलाशय द्वारा नलों के माध्यम से हर घर में पेयजल सप्लाई की जाती है।
योजनाएं कागजों तक न रहें, इनका लाभ जनता को भी मिले
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने बुधवार को मिनी सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिले को ‘अन्नपूर्णा नगरी’ के रूप में विकसित करने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल देते हुए अधिकारियों को योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि इनका लाभ प्रत्यक्ष रूप से जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, स्वामित्व योजना और टीबी उन्मूलन जैसे स्वास्थ्य अभियानों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला कलक्टर को टीबी मुक्त केंद्र की स्थापना करने को कहा। राज्यपाल ने राजीविका समूह की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया और उनके उत्पादों की सराहना की। बैठक में एसपी राजकुमार चौधरी, एडीएम दिवांशु शर्मा, सीईओ राजवीर ङ्क्षसह चौधरी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
18 Jun 2025 11:58 pm