पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बारां शहर समेत जिले के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को हुई बरसात के चलते कई नदी-नाले उफन गए। जिला मुख्यालय से कई रास्ते नदियों-नालों में उफान आने से मार्ग अवरुद्ध हो गए ह्रैं। बारां में 38 एमएम, अन्ता में 8 एमएम, मांगरोल में 20 एमएम, अटरू में 4 एमएम, शाहाबाद में 12 एमएम तथा किशनगंज में 22 एमएम बरसात हुई है। वहीं, भंवरगढ़ क्षेत्र समेत कई ग्रामीण इलाकों से भी बरसात के समाचार मिले हैं। रोडवेज डिपो प्रबन्धक सुनीता जैन ने बताया कि परवन नदी में पानी की आवक होने से बारां-झालावाड़ मार्ग, बारां से श्योपुर वाया खातोली मार्ग, छीपाबड़ौद से मनोहरथाना मार्ग, शेरगढ़ मार्ग तथा नाहरगढ़ मार्ग अवरुद्ध रहा। केलवाड़ा में एक मकान की छत भी गिर गई। जिले में शुक्रवार को अधिकतम 28 तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा।