
बरेली। बोर्ड परीक्षा के दिन छात्राओं की आंखों में सपना था लेकिन स्कूल के गेट पर ही वह सपना टूट गया। भुता क्षेत्र के गंगापुर डभौरा गांव स्थित सहोद्रा देवी इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट व हाईस्कूल की कई छात्राएं बुधवार को परीक्षा नहीं दे सकीं। आरोप है कि पूरी फीस जमा करने के बावजूद प्रधानाचार्य ने प्रवेशपत्र जारी नहीं किया। मामला तूल पकड़ते ही छात्राएं अभिभावकों के साथ थाने पहुंचीं और रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य को हिरासत में ले लिया है।
छात्राओं और उनके परिजनों ने बताया कि सत्र की शुरुआत में ही पूरी फीस जमा कर दी गई थी। आरोप के मुताबिक प्रधानाचार्य कमलेश कुमार ने हाईस्कूल की छात्राओं से 4500 और इंटरमीडिएट की छात्राओं से 7200 वसूले। कई बार मांगने के बावजूद प्रवेशपत्र नहीं दिया गया। बुधवार को हिंदी विषय की बोर्ड परीक्षा थी। जब छात्राएं परीक्षा देने पहुंचीं तो प्रवेशपत्र के अभाव में उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं मिला। पल भर में मेहनत पर पानी फिर गया।
छात्राओं का आरोप है कि जब उन्होंने प्रधानाचार्य से प्रवेशपत्र मांगा तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। यहां तक कि धक्का देकर स्कूल से बाहर निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी। कक्षा 12 की छात्राएं प्रियंका और नैंसी तथा हाईस्कूल की छात्राएं चांदनी, कुसुम, मोहिनी और खुशी अपने अभिभावकों के साथ सीधे भुता थाना पहुंच गईं और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
छात्राओं ने पुलिस को बताया कि इस तरह का मामला कॉलेज में पहले भी हो चुका है। कई अन्य छात्राओं को भी प्रवेशपत्र नहीं दिया गया है। इससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश है और अभिभावकों में रोष व्याप्त है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और प्रधानाचार्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
बोर्ड परीक्षा जैसे अहम मौके पर प्रवेशपत्र रोकना न सिर्फ छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के साथ हुई इस घटना ने शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच के बाद क्या सख्त कार्रवाई होती है और क्या छात्राओं को दोबारा परीक्षा का अवसर मिलेगा या नहीं। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी है।
संबंधित विषय:
Updated on:
18 Feb 2026 10:10 pm
Published on:
18 Feb 2026 10:09 pm
