24 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली के इस व्यापारी की पत्नी से लूट, बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

रामपुर रोड पर बाइक सवार झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार रात दुकान बंद कर पत्नी के साथ घर लौट रहे एक व्यापारी को बदमाशों ने निशाना बना लिया।

2 min read
Google source verification

बरेली। रामपुर रोड पर बाइक सवार झपटमारों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार रात दुकान बंद कर पत्नी के साथ घर लौट रहे एक व्यापारी को बदमाशों ने निशाना बना लिया। भीड़भाड़ वाले रास्ते पर पीछे से आए दो लुटेरों ने महिला के हाथ से पर्स झपट लिया और फर्राटा भरते हुए आंखों से ओझल हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

सीबीगंज थाना क्षेत्र की वेस्ट एंड कॉलोनी निवासी सुखबीर सिंह रोज की तरह कोतवाली क्षेत्र स्थित अपनी दुकान बंद कर रात करीब नौ बजे पत्नी परविंदर कौर के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में मिनी बाईपास से फल खरीदने के बाद जैसे ही वे खंडेलवाल हीरो एजेंसी के पास पहुंचे, पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने मौका ताड़ते ही झपट्टा मारा और महिला के हाथ से हैंडबैग छीन लिया। जब तक दंपति कुछ समझ पाते, बदमाश सीबीगंज की तरफ भाग चुके थे।

बैग में थे मोबाइल और नकदी

पीड़ित ने बताया कि छीने गए बैग में वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, करीब पांच हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज रखे थे। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में हो गई। सड़क पर मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए और लुटेरे आसानी से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद सुखबीर सिंह ने डायल 112 पर फोन कर मदद मांगी। पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन बदमाशों का पीछा करने के बजाय पीड़ित को सीबीगंज थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह देकर चली गई। इसे लेकर पीड़ित परिवार में नाराजगी है।

मिनी बाईपास चौराहे के कैमरे बंद, पुलिस के हाथ खाली

पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि मिनी बाईपास चौराहे पर लगे दोनों कैमरे खराब बताए जा रहे हैं, जिससे जांच की रफ्तार पर सवाल खड़े हो गए हैं। रामपुर रोड पर लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोग रात में गश्त बढ़ाने और सक्रिय निगरानी की मांग कर रहे हैं।