24 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होली पर जरा संभलकर… स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट, इमरजेंसी-ट्रामा टीम 24 घंटे तैयार, जरा सी लापरवाही पड़ेगी भारी

रंगों के त्योहार होली को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह की अगुवाई में पूरे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया है।

2 min read
Google source verification

बरेली। रंगों के त्योहार होली को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह की अगुवाई में पूरे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया है। सीएमओ ने साफ शब्दों में कहा है कि त्योहार के दौरान किसी भी मरीज को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और जरा सी भी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल से लेकर सभी सीएचसी-पीएचसी तक इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत कर दिया गया है। ट्रामा और सर्जिकल टीम को 24 घंटे ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त बेड, दवाइयां और स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी हादसे, मारपीट या गंभीर स्थिति में तुरंत उपचार दिया जा सके। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सड़क दुर्घटनाएं, आपसी विवाद और रंग से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ जाती हैं, इसलिए हर स्तर पर तैयारी की गई है।

दवाओं का अतिरिक्त स्टॉक, एलर्जी-आई केयर पर खास फोकस

होली में आंखों में रंग जाने, त्वचा एलर्जी, सांस की दिक्कत और चोट-चपेट के मामलों को देखते हुए इमरजेंसी वार्ड में एंटी-एलर्जिक दवाएं, आई ड्रॉप्स, इंजेक्शन, बैंडेज और जरूरी मरहम का अतिरिक्त स्टॉक रखा गया है। फार्मेसी विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आवश्यक दवा की कमी नहीं होनी चाहिए। सीएमओ ने कहा कि समय पर इलाज ही बड़ी घटनाओं को टाल सकता है, इसलिए तैयारियों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

ग्रामीण इलाकों में भी चौकसी, एंबुलेंस रहेंगी तैनात

सीएमओ ने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी सतर्क कर दिया गया है। सभी प्रभारी चिकित्सकों को मुख्यालय पर उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर तैनात रखने की योजना बनाई गई है, ताकि जरूरत पड़ते ही मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।

जनस्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता: सीएमओ

डॉ. विश्राम सिंह ने दो टूक कहा कि होली पर जनस्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि सुरक्षित और संयमित तरीके से त्योहार मनाएं, केमिकल युक्त रंगों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या एंबुलेंस सेवा से संपर्क करें।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग