
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, फोटो सोर्स-वीडियो ग्रैब
Bareilly News: भोजीपुरा क्षेत्र में गौकशी की साजिश रच रहे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हुआ है। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
थाना भोजीपुरा पुलिस रविवार देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पचौरी पेट्रोल पंप के सामने स्थित सरकारी नलकूप के पास दो संदिग्ध युवक गौवंशीय पशु के वध की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। करीब 1:50 बजे जैसे ही पुलिस टीम बदमाशों के नजदीक पहुंची, दोनों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में आरक्षी सुमित कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम कल्लू उर्फ कलुवा पुत्र इब्राहीम निवासी ग्राम भूड़ा, थाना भोजीपुरा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा गौकशी के उपकरण, जिनमें छुरी और कुल्हाड़ी शामिल हैं, बरामद किए गए। पूछताछ में कल्लू ने बताया कि वह अपने साथी जफर उर्फ रमन कालिया निवासी परतापुर जीवन सहाय, थाना इज्जतनगर के साथ मिलकर एक आवारा गौवंशीय पशु का वध कर उसका मांस ले जाने की योजना बना रहा था। इसी दौरान पुलिस पहुंच गई और गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कल्लू उर्फ कलुवा गौकशी का अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में गौकशी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी। मुठभेड़ में घायल कल्लू और घायल आरक्षी सुमित कुमार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग और गौकशी की तैयारी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी जफर उर्फ रमन कालिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
Updated on:
08 Jun 2026 12:41 pm
Published on:
08 Jun 2026 12:40 pm
