
बरेली। शहर के औद्योगिक इलाके सीबीगंज में मंगलवार रात इनकम टैक्स विभाग की टीम ने सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर अचानक छापा मार दिया। रात करीब नौ बजे कई वाहनों से पहुंची टीम ने फैक्ट्री परिसर को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। कार्रवाई देर रात से जारी है।
इनकम टैक्स अफसरों की टीम अचानक फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पहुंची। टीम ने अंदर प्रवेश करते ही दस्तावेजों और लेखा-जोखा से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए। छापेमारी की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों में खलबली मच गई। मौके पर स्थानीय पुलिस भी सतर्क दिखाई दी। फिलहाल सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि इस छापेमारी की उनके पास कोई सूचना नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, टीम ने फैक्ट्री मालिक, मैनेजर समेत कुछ अन्य पदाधिकारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। फोन की डिजिटल जांच के जरिए वित्तीय लेनदेन और संभावित कर अनियमितताओं की जानकारी जुटाई जा रही है। कंप्यूटर सिस्टम और अकाउंट सेक्शन की फाइलों को भी खंगाला जा रहा है।
हालांकि, फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों को पूरी तरह नहीं रोका गया है। आवश्यक उत्पादन कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए सीमित आवाजाही की अनुमति दी गई है। बाहर मीडिया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही, लेकिन अधिकारियों ने किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की।
इनकम टैक्स विभाग की ओर से अभी तक किसी गड़बड़ी या बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। माना जा रहा है कि विभाग को कर चोरी या आय से अधिक संपत्ति के संबंध में अहम इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, कई और खुलासे सामने आने की संभावना है। फिलहाल सीबीगंज की इस बड़ी फैक्ट्री पर पड़े छापे ने शहर के कारोबारी हलकों में हलचल तेज कर दी है।
संबंधित विषय:
Published on:
18 Feb 2026 01:31 pm
