
हज यात्रा पर जाना है तो ये ख़बर जरूर पढ़ें
बरेली। हज कमेटी ऑफ इण्डिया ने हज यात्रा 2019 के लिए एक्शन प्लान जारी कर दिया है। हज यात्रा 2019 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खां वारसी ने बताया कि बरेली में हज यात्रा 2019 के लिए आवेदन शुरू हो गए है। आवेदन के साथ 300 रूपये हज कमेटी ऑफ इण्डिया के खाते में जमा करने होंगे। उन्होंने बताया कि पांच लोग एक ही पे इन स्लिप में एक साथ रूपये जमा कर सकते है। हज यात्रा पर जाने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 नवंबर है। हज कमेटी की वेबसाइट hajcommittee.gov.in पर फॉर्म का प्रारूप अपलोड कर दिया गया है।
पासपोर्ट की वैधता 2020 तक
पम्मी खां वारसी ने बताया कि हज एक्शन प्लान 2019 के मुताबिक 17 नवंबर 2018 तक बने पासपोर्ट धारक ही हज यात्रा के आवेदन कर सकेंगे और पासपोर्ट की वैधता 31 जनवरी 2020 तक होना आवश्यक है। उन्होने बताया कि 22 अक्टूबर से स्टेट हज कमेटी कार्यालय में ऑफलाइन फार्म जमा किया जा सकेगा। पिछली बार की तरह इस बार भी महिलाओं को बिना महरम के हज यात्रा पर भेजा जाएगा। बिना महरम के हज जाने वाली महिलाएं चार-चार के ग्रुप आवेदन कर सकती हैं।आवेदन की अंतिम तिथि के बाद अगर आवेदकों की संख्या निर्धारित कोटे से अधिक हुई तो दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में ऑनलाइन लॉटरी निकालकर हज यात्रा 2019 के लिए आवेदकों का चयन किया जाएगा। हज यात्रा के लिए चयनित होने के बाद आवेदकों को हज के कुल खर्च की पहली किस्त के तौर पर 81 हजार रुपये (अनुमानित) दिसंबर तक हज कमेटी के बैंक खाते में जमा कराने होंगे। साथ ही दूसरी और आखिरी किस्त जनवरी 2019 के पहले सप्ताह में जमा करनी होगी। हालांकि हज यात्रा 2019 के कुल खर्च की घोषणा बाद में होगी।
बरेली हज सेवा समिति तैयार
बरेली हज सेवा समिति के प्रभारी मोहसिन इरशाद ने कहा कि बरेली हज सेवा समिति ने एक्शन प्लान जारी होते ही बरेली में आज़मीने हज की सेवा के लिये तैयारियां शुरू कर दी है। रोडवेज स्थित हज सेवा कार्यालय पर आज़मीने हज ने फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी हैं। 2019 की हज यात्रा में जाने वाले आज़मीने हज को फ्री फॉर्म भरवाये जा रहे हैं और समय समय पर उन्हें हज यात्रा से जुडी तमाम जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने बताया कि इस बार एक साथ पाँच हज यात्री फॉर्म भर सकेंगे जबकि पिछली बार चार लोगों का ग्रुप बनता था। इस बार ग्रीन कैटेगरी का नाम भी बदल दिया गया हैं।यह कैटेगरी अब नो ट्रान्सपोर्ट एंड कुकिंग जोन एनटीसीजेड के नाम से जानी जाएगी।
Updated on:
19 Oct 2018, 5:13 PM IST
Published on:
19 Oct 2018, 5:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.