
बरेली। नगर निगम के कर निरीक्षक की अगुवाई में कुतुबखाना घंटाघर क्षेत्र में चार दुकानों को सील करने की कार्रवाई की गई। जैसे ही इस कार्रवाई की सूचना व्यापारियों को मिली, वे मौके पर पहुंचकर विरोध करने लगे। इस दौरान व्यापारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच नोकझोंक हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए नगर निगम की टीम मौके से वापस लौट गई।
नगर निगम पर शासन प्रशासन का टैक्स वसूली बढ़ाने का दबाव है, जिसके चलते गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कर विभाग की टीम कुतुबखाना पहुंची। बताया जा रहा है कि चार दुकानों पर दो लाख से अधिक का टैक्स बकाया था, जिसके कारण उन्हें सील किया गया। व्यापारियों ने नगर निगम की इस कार्रवाई को अनुचित बताया। कारोबारी मुकेश का कहना है, त्योहार के समय नगर निगम जबरन दुकानों को सील कर रहा है। पहले ही ऑनलाइन व्यापार की वजह से कारोबार प्रभावित है, अब नगर निगम और मुश्किलें खड़ी कर रहा है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रदीप मिश्रा ने कहा कि टैक्स वसूली अभियान जारी रहेगा और बकाया न चुकाने वाले व्यापारियों पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई होगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे समय पर टैक्स जमा करें, ताकि ऐसे हालात न बनें। नगर निगम की इस कार्रवाई से व्यापारियों में नाराजगी बनी हुई है।
Updated on:
06 Mar 2025 02:47 pm
Published on:
06 Mar 2025 02:46 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
