
ट्रेन
बरेली।पूर्वोत्तर रेलवे में गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर दोहरीकरण और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इसका सीधा असर बिहार और पश्चिम चंपारण से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को डायवर्ट रूट से चलाने और कुछ ट्रेनों को नियंत्रित करने का फैसला लिया है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक 29 मई और 5 जून को चलने वाली 12211 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस अब छपरा ग्रामीण-भटनी-गोरखपुर मार्ग से संचालित होगी। इसी तरह 20 मई और 3 जून को चलने वाली 12212 आनंद विहार टर्मिनस-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेनें चकिया, बापूधाम मोतिहारी, सगौली, बेतिया, नरकटियागंज और बगहा स्टेशनों से होकर नहीं जाएंगी। ऐसे में इन क्षेत्रों के यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना पड़ सकता है। खासकर दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने की संभावना है।
रेलवे प्रशासन ने 20 मई से 8 जून तक चलने वाली 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार टर्मिनस विशेष गाड़ी का मार्ग भी बदल दिया है। यह ट्रेन अब सकरी-मुजफ्फरपुर-छपरा ग्रामीण-गोरखपुर होकर चलाई जाएगी। इस दौरान ट्रेन शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज, हरिनगर, बगहा, सिसवा बाजार और कप्तानगंज स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। रेलवे का कहना है कि उनौला-पिपराइच स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य और 6 से 8 जून तक प्रस्तावित नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण यह निर्णय लिया गया है।
19 मई को बांद्रा टर्मिनस से रवाना हुई 19037 बांद्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस को भी विभिन्न रेल मंडलों में नियंत्रित कर चलाया जाएगा। रेलवे के अनुसार पश्चिम मध्य रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे में ट्रेन को 30-30 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा, जबकि पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में इसे 60 मिनट तक रोका जा सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले ट्रेन की स्थिति और रूट की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान परेशानी से बचा जा सके।
Published on:
20 May 2026 08:54 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
