
बरेली। नगर पंचायत सिरौली की चेयरमैन ममता पांडे ने हिन्दू धर्म छोड़कर इस्लाम धर्म अपना लिया है। ममता पांडे ने अपना नाम सबा खान रख लिया है। ममता पांडे ने एक वीडियो जारी कर इस्लाम धर्म अपनाने की जानकारी दी है। ममता पांडे ने कहा कि उन्होंने अपने परिजनों के उत्पीड़न से तंग आकर इस्लाम धर्म अपनाया है। इसके साथ ही ममता पांडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और डिपंल यादव से मदद की गुहार लगाई है।
परिवार से तंग आकर उठाया कदम
ममता पांडेय पांच वर्ष पहले सिरौली से नगर पंचायत चेयरमैन चुनी गईं। उनका आरोप है कि उनके परिवार वाले लगातार उन पर अनैतिक कार्य करने के लिए दबाव बनाते रहे हैं। अपने पति से आहत होकर ममता पांडेय ने एक साल पहले अपना घर छोड़ दिया और बरेली जाकर किराए के मकान में रहने लगी लेकिन उनके घर वाले उसे प्रताणित करते रहे और उनको घर में बंधक बना कर रखा गया। ममता का कहना है कि उनके पास उत्पीड़न के सारे सबूत हैं। इन्हीं सब से तंग आकर उन्होंने इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया है।
पद का दुरप्रयोग करना चाहते थे पति
ममता पांडे ने वीडियो जारी कर बताया कि उनके चेयरमैन बनने के बाद से ही पति उन पर गलत काम करने के लिए जोर देते थे लेकिन जब उन्होंने ऐसा नहीं किया तो पति ने उत्पीड़न शुरू कर दिया। घर वालों से तंग आकर उन्होंने घर छोड़ दिया और इस्लाम धर्म कबूल कर लिया।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से लगाई मदद की गुहार
ममता पांडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही मुलायम सिंह यादव , अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, डिम्पल यादव और पूरी समाजवादी पार्टी से मदद की गुहार लगाई है। ममता पांडे का कहना है कि डिंपल यादव महिला होने के नाते उनके दर्द को जरूर समझेंगी।
चुनाव की तैयारी में जुटी हैं ममता
फिलहाल समाजवादी पार्टी की कद्दावर नेता और निवर्तमान चेयरमैन ममता पांडेय अब सबा खान हो गईं हैं और एक बार फिर सिरौली नगर पंचायत से चुनाव लड़ने की तैयारी में लगी हुई हैं। क्या जनता उनको दोबारा मौका देगी। बड़ा सवाल है। इधर उनके पति सुरेश पांडेय कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।
Updated on:
28 Oct 2017 02:07 pm
Published on:
24 Oct 2017 12:55 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
