बरेली। लोकसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहा है प्रदेश की राजनीति भी गर्माने लगी है। लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव के पहले समाजवादी पार्टी ने सरकार को घेरने के लिए धरना प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश भर में 20 अगस्त को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों को जिले की प्रत्येक तहसील मुख्यालय में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के निर्देश दिए है। सपा प्रवक्ता हैदर अली ने बताया कि शनिवार को पार्टी कार्यालय पर मासिक बैठक का आयोजन हुआ था जिसमे 18 अगस्त को जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन करने का निर्णय हुआ था लेकिन अब लखनऊ से 20 अगस्त को प्रदर्शन करने का निर्देश आया है जिसके कारण समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन 20 अगस्त को हर तहसील मुख्यालय पर किया जाएगा। लखनऊ से निर्देश आने के बाद समाजवादी पार्टी इस प्रदर्शन को सफल बनाने में जुट गई है।