
youth
बरेली। किला इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। उसका शव घर में खून से लथपथ मिला। जानकारी के मुताबिक मृतक की चार महीने पहले ही शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही युवक का अपनी पत्नी और ससुराल वालों से विवाद चल रहा था। मृतक के भाई ने उसकी पत्नी और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कनपटी पर लगी गोली
किला इलाके में रहने वाले 22 साल के अजय की शादी चार महीने पहले सुभाषनगर की नीलम से हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पत्नी व उसके परिवार वालों से विवाद चल रहा था। रविवार को अचानक अजय की गोली लगने से मौत हो गई। अजय का खून से लथपथ शव उसी के कमरे से बरामद हुआ। गोली अजय की कनपटी पर लगी थी। मृतक के भाई विजय का आरोप है कि अजय की शादी के बाद से ही उसकी पत्नी नीलम का अपने पति और ससुरालियों के प्रति रवैया ठीक नहीं था। वो सबको बहुत परेशान करती थी। उनका आरोप है कि शनिवार शाम अजय के ससुर घर आए और उसे जान से मारने की धमकी देकर गए थे। अजय के भाई का कहना है कि ससुराल वालों ने ही अजय की कनपटी पर गोली मारकर हत्या की है।
ससुर ने दी थी पुलिस को सूचना
इस मामले में किला थाने के इंस्पेक्टर केके वर्मा का कहना है कि मृतक अजय के ससुर ने 100 नम्बर पर फोन करके पुलिस को सूचना दी कि उसके दामाद ने आत्महत्या कर ली है, जिसके बाद पुलिस मृतक के चंदन नगर स्थित घर पहुंची। लेकिन परिजन तब तक अजय को घायल अवस्था मे निजी अस्पताल ले जा चुके थे जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि पहले तो अजय के भाई विजय ने भी आत्महत्या की ही बात बताई थी, लेकिन बाद में विजय ने अपने भाई अजय की हत्या की तहरीर थाने में दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तहकीकात में जुट गई है।
Published on:
26 Mar 2018 11:22 am
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
