
150 families waiting for electricity
बाड़मेर. बाड़मेर तहसील के खारिया तला ग्राम पंचायत के करीब 150 परिवारों को बिजली का इंतजार है। दो साल पहले किए गए आवेदन के बाद डिमांड राशि भी जमा करवा दी लेकिन इंतजार खत्म नहीं हो रहा है।
ग्रामीणों ने वर्ष 2017 में प्रत्येक विद्युत कनेक्शन के लिए 3700 रुपए की डिमांड राशि भरी। इसके बाद डिस्कॉम ने जल्द कनेक्शन जारी करने की बात कही। राशि जमा करवाने के बाद कनेक्शन नहीं मिलने से ग्रामीण खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
विद्युत पोल आए और वापस ले गए
विधानसभा चुनाव से पहले कुछ ढाणियों के पास पोल लाकर रखे गए। तब ग्रामीणों को रोशनी की उम्मीद जगी। लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद ठेकेदार ने पोल उठाकर दूसरी जगह लगा दिए। इससे ग्रामीणों की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
अंधेरा बन गया नियति
बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीणों के लिए अंधेरा अभिशाप बन गया है। विद्यार्थियों को पढ़ाई व महिलाओं को खाना बनाना सहित घरेलू कार्य अंधेरे में ही करने पड़ रहे हैं। बिजली नहीं होने से मोबाइल व अन्य उपकरण चार्ज के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता है।
150 परिवारों के लिए समस्या
ग्राम पंचायत के ताजोणी गोदारों की ढाणी व सुखोणी मेघवालों की बस्ती में करीब 150 परिवारों के विभिन्न योजनाओं में आवेदन के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जबकि डिस्कॉम का कहना है कि ग्राम पंचायत में काम चल रहा है।
बोले ग्रामीण
कब आएगी बिजली
कनेक्शन के लिए कई बार आवेदन किए। डिमांड राशि भी जमा करवा दी। पता नहीं ढाणियों में अंधेरा कब मिटेगा।
रूगनाथराम, ग्रामीण
डिमांड राशि जमा करवा दी
ग्रामीणों ने 2 वर्ष पहले डिमांड राशि जमा करवाई। अब तक कनेक्शन नहीं होना लापरवाही है।
गोमाराम कालीराणा
चल रहा है काम
ग्राम पंचायत क्षेत्र की कई ढाणियों में विद्युत कनेक्शन का कार्य एक माह से जारी है। वंचितों को भी जल्द से कनेक्शन जारी किए जाएंगे।
डीआर चौधरी, अधिशासी अभियंता, पंडित दीनदयाल ग्रामीण विद्युतीकरण योजना
Updated on:
04 May 2019 11:47 am
Published on:
04 May 2019 11:47 am
