
151 animal camp sanctioned in Barmer, Instant instructions to start
बाड़मेर. बाड़मेर में 151 पशु शिविरों की स्वीकृति जारी की गई है। अनुदानित दरों पर चारा उपलब्ध करवाने के लिए 514 स्थानों पर चारा डिपो भी स्वीकृत किए गए हैं। जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने इन पशु शिविरों को अतिशीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
जिले के विभिन्न अभावग्रस्त गांवों में पशुओं के संरक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के उपरांत 151 पशु शिविर स्वीकृत किए गए हैं। पशु शिविर स्वीकृति के बाद तीन साल से बड़े पशु को 70 रूपए प्रतिदिन एवं छोटे पशु को 35 रूपए प्रतिदिन की दर से पशु संख्या के अनुरूप अकाल अवधि की राशि स्वीकृति करने का प्रावधान है।
चारे पानी के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें
जिला कलक्टर ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर चारे पानी के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपखंड अधिकारियों एवं तहसीलदारों से अभावग्रस्त इलाकों में चारे पानी की उपलब्धता एवं राहत प्रबंधन के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंचगण से अनुरोध किया जाए कि वे स्वीकृत हो चुके पशु शिविरों को अतिशीघ्र प्रारंभ करें। इसके अलावा नए पशु शिविर खोलने के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। उन्होने पेयजल परिवहन की भी प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि मौजूदा समय में परिवहन वाले स्थानों को छोड़कर अन्य गांव अथवा ढाणी से पेयजल की समस्या आती है तो उसको चिह्नीत करने के साथ जलापूर्ति करवाकर ग्रामीणों को राहत पहुंचाएं।
जिला कलक्टर ने किया चारा डिपो का निरीक्षण
जिला कलक्टर गुप्ता ने ग्रामीण इलाकों में विभिन्न चारा डिपो का निरीक्षण कर अनुदानित दरों पर समुचित मात्रा में चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर गुप्ता ने लंगेरा, मारूड़ी, घोनरी नाडी में चल रहे चारा डिपो का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से पशुओं की तादाद, चारे की उपलब्धता, बाजार भाव एवं पेयजल परिवहन के बारे में जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने चारा डिपो पर संधारित किए जा रहे रजिस्टरों का अवलोकन करने के साथ डिपो संचालकों को चारे की नियमित रूप से उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को अनुदानित दरों पर चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान बाड़मेर उपखंड अधिकारी नीरज मिश्र एवं विकास अधिकारी कैलाश चौधरी समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्वकर्मी मुख्यालय पर उपस्थित रहे
जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने आगामी समय में गर्मी की अधिकता को देखते हुए समस्त राजस्वकर्मियों, पटवारियों एवं भू अभिलेख निरीक्षकों को संबंधित क्षेत्र में उपस्थित रहकर अभाव राहत गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।
Published on:
09 May 2019 10:53 am
