
गौतम जीनगर (फोटो- पत्रिका)
Balotra Youth Suicide: सिणधरी (बालोतरा): पुलिस थाना क्षेत्र के जीनगर कॉलोनी में मंगलवार को एक युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक की गंभीर स्थिति के चलते उसे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि पुलिस के अनुसार, सिणधरी कस्बे के जीनगर कॉलोनी निवासी अनिल सोनगरा ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसका भाई गौतम जीनगर ने कुछ लोगों से उधार पैसे लिए थे। वापस नहीं देने के चलते देनदार उसे पुलिस थाना लेकर गए, वहां समझाइश के बाद पैसे वापस देने की सहमति बनी।
इसके बाद आरोपियों ने थाना परिसर में बनाया माफीनामा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पर उसका भाई डिप्रेशन में आ गया और मंगलवार अलसुबह उसने आत्महत्या कर ली।
प्रार्थी के अनुसार, उसके भाई को प्रिंस नागौरा पुत्र विनोद कुमार और विनोद नागौरा सहित अन्य लोग प्रताड़ित करते थे, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। गौतम जीनगर के भाई ने आरोप लगाया कि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मानहानि कर जबरन वसूली और मानसिक प्रताड़ना दी।
रिपोर्ट में बताया गया कि मृतक ने 20 हजार रुपए उधार लिए थे और तय समय पर लौटाने का आश्वासन दिया था। सुरक्षा के रूप में मृतक ने अपना लगभग 30 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन पहले ही आरोपियों को दे दिया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार पैसे के लिए धमकाते रहे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली।
घटना के विरोध में मृतक के परिजनों व अन्य ने धरना दिया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर दो लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कि गई है।
थाना अधिकारी ने बताया कि दो आरोपियों को डिटेन किया गया है। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
25 Mar 2026 01:55 pm
